Last Updated:
Kanpur Politics : भाजपा युवा मोर्चा चकेरी मंडल के उपाध्यक्ष अंशु गुप्ता की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. इस पर कांग्रेस नगर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि अगर कमियां गिना दो तो केस दर्ज करवाने लगते हैं. ये लोग तीन महीने में सात बार शिकायत दे चुके हैं.
सतीश महाना के खिलाफ पोस्ट से बवाल.
कानपुर : चकेरी पुलिस ने ‘बहाना जी’ नाम से फेसबुक पेज बनाकर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ पोस्ट करने पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत 5 के खिलाफ चकेरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है. विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में 3 महीने मे 7वीं रिपोर्ट दर्ज की गई है. इस मामले को लेकर संदीप ने संगठन में शिकायत की है. कांग्रेस की लीगल सेल कानपुर पहुंचेगी और पूरे मामलों का अध्ययन करने के बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल से मिलेगी,हाईकोर्ट जाएगी. एफआईआर को खारिज कराया जा सके.
BJP युवा मोर्चा चकेरी मंडल के उपाध्यक्ष अंशु गुप्ता की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. अंशु ने बताया कि 17 अक्टूबर 26 को फेसबुक में हमारे उत्तर प्रदेश सरकार के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट की गई है. कांग्रेस नगर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला के साथ तरुष पटावा, अंकित कनौजिया, रवि पटावा, निखिल गुप्ता समेत अन्य लोग विधानसभा अध्यक्ष बहाना जी नाम से फेसबुक पेज बनाकर उसपर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ उनकी छवि धूमिल करने वाले और अमार्यादित पोस्ट किए जा रहे हैं. चकेरी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाध्यक्ष समेत अन्य के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है.
क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष?
कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप ने बताया विधानसभा अध्यक्ष के गुर्गों की ओर से दो महीने के भीतर मेरे साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ यह 7वीं एफआईआर दर्ज कराई गई है. प्रदेश अध्यक्ष के साथ लीगल सेल को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है. उन्होंने कहा, मेरे खिलाफ और कार्यकर्ताओं के खिलाफ यह 7वां मुकदमा महाना नजदीकियों की ओर से दर्ज कराया गया है. सतीश महाना के भ्रष्टाचार और उनके क्रियाकलाप को उजागर करने से बौखलाए हुए हैं. क्षेत्र के विधायक हैं तो जल भराव की समस्या या कोई परेशानी होगी तो पब्लिक उन्हीं से सवाल करेगी न. पिछले दिनों बरसात हुई थी, जलभराव था, तो किसी लड़के ने अगर जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. लिखा कि माननीय महाना जी ध्यान दें, हमारे यहां जलभराव है, तो इस पर एक मुकदमा कर दिया जाता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सतीश महाना के घर के ठीक पास खुलेआम गांजा बेचा जा रहा है. उनका दावा है कि हाल ही में केस दर्ज कराने वाला व्यक्ति भी सतीश महाना का कार्यकर्ता है और वह खुलेआम गांजा बेचता है. इस मामले की जानकारी सतीश महाना को भी है और दोनों साथ में मॉर्निंग वॉक पर जाते हैं. अब तक महाना की ओर से सात मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं.
उन्होंने आगे कहा कि अब वे पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से मुलाकात करेंगे. चकेरी थाने की पुलिस अपराधियों के प्रभाव में काम कर रही है. उन्होंने सतीश महाना के पीआरओ शानू शर्मा पर भी आरोप लगाया कि वह दो-दो हजार रुपये लेकर मुकदमे दर्ज कराते हैं. ये सभी मामले एक ही मुद्दे से जुड़े हैं. संबंधित पोस्ट व्यंग्य (सटायर) के तौर पर की गई थी, जिसका मकसद जनप्रतिनिधि को उनकी कमियों के प्रति सचेत करना था. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की कमियों को उजागर करने और उन्हें जगाने के लिए व्यंग्य करना कोई अपराध नहीं है. जनप्रतिनिधियों को अपनी कमियां सुधारनी चाहिए, भ्रष्टाचार पर रोक लगानी चाहिए और जनता के हित में काम करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मुद्दे उठाने के बजाय उन्हें उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं.
वादी अंशु गुप्ता ने क्या कहा?
एफआईआर दर्ज कराने वाले वादी अंशु गुप्ता ने कहा, मैं भारतीय जनता पार्टी का एक बहुत छोटा-सा सिपाही हूं. हमारे किसी भी नेता के खिलाफ कोई अभद्र टिप्पणी करेगा या फेसबुक पर कुछ भी लिखेगा, तो हम उसके खिलाफ हमेशा खड़े रहेंगे. इतने बड़े नेता के लिए हम किसी छोटे आदमी का नाम नहीं लेना चाहेंगे. मैंने रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
About the Author

