Last Updated:
Tiger Shroff Attack Video: मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से हड़कंप मच गया. इस हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो हमलवार टाइगर की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिख रहे हैं. ये गोलियां बेहद करीब से मारी गई, जिससे प्रतीत होता है कि हमलावरों का मकसद टाइगर श्रॉफ की जान लेना था.
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार रात हुए हमले से हड़कंप मच गया. टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने पहुंचे थे, इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए पांच राउंड फायरिंग की. हालांकि, राहत की बात यह रही कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं. लेकिन इस फायरिंग में उनके ड्राइवर और एक प्रशंसक गोली लगने से घायल हो गए. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है.
टाइगर श्रॉफ पर हुए इस हमले का पहला वीडियो भी सामने आया है. इस वीडियो में टाइगर श्रॉफ अपनी कार में सवार होकर जुहू स्थित जेसी ग्राउंड से बाहर निकलते दिख रहे हैं. उनकी कार इससे पहले कि बायीं तरफ टर्न लेती, तभी वहां पहले से मौजूद एक हमलावर सामने से और दूसरा बिलकुल बाईं तरफ से सीधा हमला करता दिखाई देता है. ये दोनों हमलावर बेहद कम उम्र के लग रहे थे. इनमें से एक ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी, जबकि दूसरा हल्के नीले रंग की शर्ट में दिख रहा है. इन हमलावरों ने उन पर एक के बाद एक पांच राउंड फायरिंग कर दी.
18 सेकंड की इस क्लिप में देखा जा सकता है कि इन दोनों हमलावरों में से एक जो कार की खिड़की के सबसे करीब होता है, वह गोली नहीं पाता क्योंकि उसकी गन हो जाती है. इसके बाद बाइक पर बैठकर वहां से भाग निकले.
ये गोलियां बेहद करीब से मारी गई, जिससे प्रतीत होता है कि हमलावरों का मकसद टाइगर श्रॉफ की जान लेना था. हालांकि गनीमत ये रही वो सुरक्षित हैं. ये गोलियां टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और वहां खड़े एक फैन को लगी हैं. इसके बाद टाइगर श्रॉफ बाहर निकलकर अपनी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठते और फिर वहां से तेजी से निकलते दिखाई दे रहे हैं.
इस घटना की चश्मदीद सलमा शेख ने बताया कि गोली चलाने वाला लड़का इतना दुबला-पतला और साधारण दिखने वाला था कि मैं बता नहीं सकती. वह किसी फुटपाथ पर रहने वाले शख्स जैसा लग रहा था.
मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है. टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आया, जिसमें अनिल पंडित नाम के अकाउंट से हमले की जिम्मेदारी ली गई. वहीं एक ऑडियो क्लिप भी सामने आया है, जिसमें अनिल पंडित नामक शख्स खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताते हुए घटना की जिम्मेदारी लेते सुना गया. उसने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को भी धमकी दी.
अनिल पंडित इस ऑडियो क्लिप में कहते सुना जा सकता है कि ‘टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वो मैंने और मेरे छोटे भाई अमरन सिंद्धू ने कराया है. टाइगर को हमने समझाया था, लेकिन उनको समझ नहीं आया. अनिल पंडित ने कहा कि जो भी फिल्म इंडस्ट्री में हमसे अलग होकर या सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका यही हश्र होगा. वह यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि अगर सलमान ने लॉरेंस बिश्नोई या बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगी तो अंजाम बहुत बुरा होगा.
हालांकि पुलिस ने न तो सोशल मीडिया पोस्ट और न ही वायरल ऑडियो क्लिप की पुष्टि की है. पुलिस का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है. मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच के लिए 15 विशेष टीमें गठित की हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
About the Author

साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …

