Last Updated:
Asian Para Games: पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने खिलाड़ियों की तैयारियों और उनके जज्बे पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य यहां एशियाई पैरा खेलों में 100 पदक जीतना है. खेलों का आधिकारिक आगाज रविवार को हुआ लेकिन बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बोकिया सहित कुछ स्पर्धाएं कुछ दिन पहले ही शुरू हो गई हैं. भारत ने 2023 में हांगझोउ में हुए पिछले एशियाई पैरा खेलों में रिकॉर्ड 111 पदक जीते थे.
एशियाई पैरा खेलों में भारत का लक्ष्य 100 मेडल जीतना है.
नागोया (जापान). भारतीय दल ने रविवार को पैरा एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में देश की समृद्ध विरासत की झलक पेश की. खिलाड़ियों ने 5,000 साल पुरानी सभ्यता से प्रेरित आकृतियों वाले ब्लेजर पहनकर समारोह में हिस्सा लिया. पैरालंपिक पदक विजेता धाविका सिमरन शर्मा और शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत के नेतृत्व में 100 से अधिक भारतीय खिलाड़ियों ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया. इन दोनों खिलाड़ियों ने तिरंगा थामकर भारतीय दल की अगुवाई की और इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराता रहा.
भारतीय दल के ब्लेजर पर सिंधु घाटी सभ्यता की मुहरों से प्रेरित प्रिंट बनाए गए थे. इनमें दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक की प्राचीन लिपि और विशिष्ट आकृतियों को दर्शाया गया. भारतीय पैरालंपिक समिति ने कहा, ‘भारतीय दल ने सिर्फ परिधान पहनकर मार्च नहीं किया बल्कि वे 5,000 साल पुरानी सभ्यता को अपने साथ लेकर चले. भारतीय दल का ब्लेजर हमारी विरासत को समर्पित है.’
पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने खिलाड़ियों की तैयारियों और उनके जज्बे पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य यहां एशियाई पैरा खेलों में 100 पदक जीतना है. खेलों का आधिकारिक आगाज रविवार को हुआ लेकिन बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बोकिया सहित कुछ स्पर्धाएं कुछ दिन पहले ही शुरू हो गई हैं. भारत ने 168 खिलाड़ियों का दल उतारा है. पिछली बार भारत के दल में 300 से अधिक खिलाड़ी शामिल थे. सत्यनारायण ने कहा कि खिलाड़ी उत्साहित हैं और अपनी तैयारियों को पदकों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
ब्लेजर के कॉलर पर सप्तसिंधु की आकृति भी थी जो सात नदियों की भूमि और महान सरस्वती नदी का सम्मान करती है. वहीं, जेब पर तिरंगे को प्रमुखता से स्थान दिया गया था. भारत इन खेलों में 281 सदस्यीय दल उतार रहा है जिसमें 168 खिलाड़ी शामिल हैं. इनमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं जो 11 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे.
इन खेलों का समापन 24 अक्टूबर को होगा. प्रतियोगिता में 45 देशों के लगभग 3,000 खिलाड़ी ‘इमैजिन वन हार्ट’ के ध्येय वाक्य के तहत हिस्सा ले रहे हैं. भारत ने 2023 में हांगझोउ में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था. भारतीय दल पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा था और उसने रिकॉर्ड 111 पदक जीते थे जिनमें 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य पदक शामिल थे.
About the Author

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

