मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

मिशन शक्ति फेज-06 के तहत सोनभद्र पुलिस ने जनजातीय महिलाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन का भ्रमण कराया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को पुलिस की विभिन्न शाखाओं के कामकाज की जानकारी दी गई।

उन्हें यूपी-112, रेडियो शाखा, मीडिया सेल और जनसुनवाई शाखा के कार्यों के बारे में बताया गया। साथ ही समझाया गया कि पुलिस आम लोगों की शिकायतों और आपातकालीन सूचनाओं पर किस तरह कार्रवाई करती है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी परेशानी या आपात स्थिति में 1090, 112, 181, 1098 और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत के लिए 1930 नंबर पर सहायता ली जा सकती है।

पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को किसी भी तरह के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के मन से पुलिस के प्रति झिझक दूर करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

सोनभद्र पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।