मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..शीतला चौक की ओर ऑटो, टोटो और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक, 20 अक्टूबर से दोपहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध

नवरात्र मेला के मद्देनजर कस्बा रॉबर्ट्सगंज में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सोनभद्र पुलिस ने 18 से 21 अक्टूबर तक यातायात डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई गई है।

साथ ही शीतला चौक की ओर जाने वाले ऑटो, टोटो और चार पहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी। पुलिस की ओर से जारी यातायात सूचना के अनुसार, 18 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक बड़े वाहनों की नो-एंट्री रात नौ बजे के बजाय रात 12 बजे तक लागू रहेगी।

वहीं, 18 अक्टूबर को शाम पांच बजे से 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक चंडी तिराहा, धर्मशाला, बढ़ौली और महिला थाना की ओर से शीतला चौक जाने वाले ऑटो, टोटो एवं चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अतिरिक्त 20 अक्टूबर को शाम चार बजे से उपरोक्त सभी मार्गों से शीतला चौक की ओर दोपहिया वाहनों का आवागमन भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से निर्धारित यातायात डायवर्जन का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
