Last Updated:
साउथ इंडस्ट्री से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. 27 साल के युवा निर्देशक बेलराज कलारिकल का शनिवार को अचानक निधन हो गया. कोच्चि के एक होटल में संदिग्ध हालत में उनका शव मिला, जहां आशंका जताई जा रही है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था. महज एक महीने पहले ही उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी रचाई थी. उनके निधन से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है.
मलयालम फिल्ममेकर बेलराज कलारिकल का निधन हो गया. (फोटो: Instagram@belraj_kalarickal)
नई दिल्ली. मलयालम सिनेमा से बेहद दुखद खबर सामने आई है. वेब सीरीज ‘कप्पी स्क्वाड’ से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत करने वाले फिल्ममेकर बेलराज कलारिकल का शनिवार को महज 27 साल की उम्र में निधन हो गया. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, हालांकि उनकी मौत की असल वजह का अभी इंतजार किया जा रहा है. उनका शव कोच्चि के एक होटल में मिला है. इस दुखद खबर से साउथ इंडस्ट्री में मातम छा गया है.
सिनेमा एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बेलराज को कोच्चि के एक होटल के कमरे में मृत पाया गया. उनके इस तरह अचानक दुनिया से चले जाने से पूरी मलयालम फिल्म इंडस्ट्री और उनके साथी कलाकार गहरे सदमे में हैं, क्योंकि उनकी पहली ही डायरेक्टोरियल वेब सीरीज महज कुछ ही दिनों पहले ही ओटीटी पर स्ट्रीम हुई थी.
बेलराज कलारिकल के निधन पर दुखी हुए राहुल रिजी नायर
फिल्ममेकर और एक्टर राहुल रिजी नायर ने बेलराज के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें एक बेहतरीन दूरदर्शी निर्देशक और अपना सच्चा दोस्त बताया. उन्होंने इंस्टाग्राम हैंडल पर भावुक पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि देते हुए राहुल ने लिखा, ‘बेहद भारी मन और गहरे दुख के साथ हमें अपने प्यारे भाई और मार्गदर्शक बेलराज कलारिकल के जाने की दुखद खबर साझा करनी पड़ रही है, जिन्होंने ‘कप्पी स्क्वाड’ का निर्देशन किया था.’
View this post on Instagram

