मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सदर विधायक भूपेश चौबे और एसपी अभिषेक वर्मा ने किया उद्घाटन, 24 घंटे पुलिस तैनाती की व्यवस्था का प्रयास;

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ण जयंती चौक पर शुक्रवार को पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और सदर विधायक भूपेश चौबे ने किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुलिस अधीक्षक ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद विधायक ने नारियल फोड़ा और दोनों अतिथियों ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि स्वर्ण जयंती चौक पर पुलिस सहायता केंद्र खोलने की मांग को देखते हुए यह पहल की गई है। यहां पुलिस बल की उपलब्धता के अनुसार 24 घंटे तैनाती की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, सहायता केंद्र खुलने से स्वर्ण जयंती चौक और आसपास के बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। रात में गश्त बढ़ाने और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने में भी सहूलियत होगी।

संदिग्ध वाहनों की निगरानी के लिए केंद्र पर एनपीआर (नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरा लगाया गया है। इसके जरिए गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट पढ़कर पहचान करने में मदद मिलेगी।

पुलिस का कहना है कि इससे संदिग्ध वाहनों की निगरानी और अपराध नियंत्रण की कार्रवाई को गति मिलेगी। केंद्र की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने के साथ आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, थाना रॉबर्ट्सगंज के पुलिस अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
