मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..मिशन शक्ति के तहत मिली जिम्मेदारी, पुलिस की कार्यप्रणाली समझकर बोलीं- एएसपी बनना है सपना

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस ने सराहनीय पहल की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में कंपोजिट विद्यालय मुसही, रॉबर्ट्सगंज की कक्षा सात की मेधावी छात्रा कुमारी पूजा को एक दिन के लिए सांकेतिक अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित थानों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

छात्रा पूजा का पुलिस कार्यालय में पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप स्कूल बैग भी प्रदान किया गया।

इसके बाद उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र, साइबर क्राइम सेल और महिला सम्मान प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही महिला हेल्प डेस्क के अभिलेखों और पीड़िताओं की समस्याएं सुनने की प्रक्रिया को भी समझा।

इस अनुभव से उत्साहित पूजा ने भविष्य में पुलिस अधीक्षक बनने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें पुलिस की जिम्मेदारियों को करीब से समझने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।

अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने छात्रा को पुलिस के प्रशासनिक दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं की नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की दीपिका सिंह, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सहायक अध्यापिका उत्तमा चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
