Last Updated:
अभिनेत्री शहनाज गिल ने रोहित शर्मा के शो में अपना फेमस डायलॉग त्वाडा कुत्ता टॉमी फिर से दोहराया. प्रोमो में रोहित भी उनके साथ यह मजेदार डायलॉग बोलते नजर आए. शहनाज के साथ-साथ रोहित भी इस डायलॉग को मजेदार अंदाज में दोहराते हैं.
नई दिल्ली. रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ से अभिनेत्री शहनाज गिल का ‘त्वाडा कुत्ता टॉमी, साडा कुत्ता कुत्ता’ डायलॉग काफी फेमस हुआ था. अब उन्होंने रोहित शर्मा के पॉपुलर शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में अपने इस आइकॉनिक डायलॉग को फिर से दोहराया.
चैनल की ओर से शेयर किए गए प्रोमो में शहनाज, रोहित से उनका ही डायलॉग बुलवाती नजर आ रही हैं. शहनाज ने रोहित से कहा कि वह उनके पीछे-पीछे डायलॉग दोहराएं. रोहित तुरंत मान गए. शहनाज ने डायलॉग शुरू किया, “क्या करूं मैं मर जाऊं? मेरी कोई फीलिंग नहीं है?साडा कुत्ता कुत्ता, त्वाडा कुत्ता टॉमी.”
रोहित शर्मा ने शहनाज गिल का डायलॉग दोहराया
शहनाज के साथ-साथ रोहित भी इस डायलॉग को मजेदार अंदाज में दोहराते हैं, जिसके बाद शो का माहौल और भी मजेदार हो गया. वहां मौजूद सभी हंसने लगते हैं. शो में शहनाज गिल के साथ सिंगर मीका सिंह और कॉमेडी जोड़ी चिंकी-मिंकी ने भी शिरकत की थी.
कब वायरल हुआ था ये डायलॉग
बता दें कि शहनाज गिल का यह डायलॉग तब वायरल हुआ था, जब वह ‘बिग बॉस-13’ घर में कंटेस्टेंट के तौर पर गई थीं. शो में अपने कुछ को-कंटेस्टेंट के साथ हुई बुरी लड़ाई के दौरान उन्होंने यह डायलॉग गुस्से, प्यार और भावुक होकर रोते हुए कहा था.
रैप भी बना डाला
संगीतकार यशराज मुखाते ने इस डायलॉग पर एक मजेदार रैप गाना बनाया था, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा वायरल होकर मीम बन गया था, जिस पर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर से लेकर बड़े-बड़े सेलेब्स तक ने अपने अंदाज में रीक्रिएट किया था. पंजाबी कॉमेडियन गुरप्रीत घुग्गी ने बाद में बताया था कि यह लाइन मूल रूप से उनकी 2013 में आई पंजाबी फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा’ का एक संवाद था, जिसे शहनाज ने बिग बॉस में इस्तेमाल किया था.
बिग बॉस से मिली शहनाज गिल को पहचान
दरअसल, शहनाज गिल को असली पहचान ‘बिग बॉस 13’ से मिली थी. शो में उनकी हंसमुख अदाएं, एनर्जी, पंजाबी अंदाज और बिंदास पर्सनालिटी ने उन्हें फैंस की फेवरेट बना दिया था. रियलिटी शो में दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के साथ उनकी बॉन्डिंग भी खूब चर्चा में रही थी. दोनों की केमिस्ट्री को फैंस ने खूब पसंद किया था.


