Last Updated:
प्रभास की ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर वो कमाल नहीं दिखा सकी, जिसकी उम्मीद की जा रही थी. फिल्म की नाकामी के बाद अब निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने माना कि रिलीज के वक्त कुछ ऐसे फैसले लिए गए, जिनका असर फिल्म पर पड़ा. संक्रांति के मौके पर फिल्म उतारने से लेकर टिकटों के दाम बढ़ाने तक, निर्माता ने उन गलतियों का जिक्र किया है, जिनसे सबक लिया जा सकता है.
‘द राजा साब’ के बाद प्रभास अब संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘स्पिरिट’ में नजर आने वाले हैं.
नई दिल्ली. प्रभास की इसी साल जनवरी में रिलीज हुई फिल्म ‘द राजा साब’ से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें थीं. हॉरर और कॉमेडी के मेल के साथ बनाई गई इस फिल्म के प्रमोशनल वीडियो ने भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाई थी. लेकिन रिलीज के बाद फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. 400 करोड़ के भारी भरकम बजट में बनी इस फिल्म ने मेकर्स को काफी निराश किया, क्योंकि फिल्म बजट भी नहीं निकाल सकी. अब फिल्म के निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने फिल्म के फ्लॉप होने को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने उन गलतियों पर बात की, जिसको एहसास उन्हें बाद में हुआ कि ऐसा नहीं होना चाहिए था.
‘रेबेल स्टार’ प्रभास की फैन फॉलोइंग दुनियाभर में हैं. उनकी फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार भी करते हैं. साल 2026 की शुरुआत में आई फिल्म ‘द राजा साब’ से फैंस को काफी उम्मीद थी. लेकिन उम्मीदों पर पानी फिर गया. ऐसा क्यों हुआ? हाल में ये खुलासा निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने किया. अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गरिविडी लक्ष्मी’ (Garividi Lakshmi) के प्रमोशन के दौरान हैदराबाद में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इसे लेकर खुलकर बात की.
उम्मीद पर खरी नहीं उतरी फिल्म
टीजी विश्व प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वीकार किया कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. लगभग 400 करोड़ रुपये से ज्यादा के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म दुनिया भर में सिर्फ 208 करोड़ रुपये ग्रॉस ही कमा सकी थी.
कौन सी गलती पड़ी भारी?
‘द राजा साब’ के निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने हैदराबाद में अपनी आगामी फिल्म ‘गरिविडी लक्ष्मी’ के प्रमोशन के दौरान मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उनसे पूछा गया कि उन्होंने प्रभास की फिल्म की असफलता का विश्लेषण कैसे किया है. इस पर उन्होंने कहा कि फिल्म को संक्रांति के सीजन में रिलीज करना बुनियादी गलतियों में से एक था. उनके मुताबिक, अगर फिल्म किसी दूसरे समय पर रिलीज होती तो उसका नतीजा अलग हो सकता था. विश्व प्रसाद ने यह भी साफ किया कि फिल्म की असफलता पर बात करने से उनका मूड खराब नहीं होता.
मेकर्स ने कहा- ये नहीं करना चाहिए था
निर्माता ने फिल्म के प्रदर्शन पर बात करते हुए माना कि रिलीज के दिन प्रीमियर में देरी और टिकटों की कीमत बढ़ाने की कोशिश से दर्शक परेशान हुए थे. उन्होंने कहा कि उनकी प्रोडक्शन कंपनी ने पहली बार किसी फिल्म के लिए टिकटों के दाम बढ़ाने की कोशिश की थी और ऐसा नहीं करना चाहिए था. उनके मुताबिक, इस फैसले के कारण देरी हुई और दर्शकों में नाराजगी बढ़ी. विश्व प्रसाद ने माना कि फिल्म के न चलने के पीछे कई कारण थे.
400 करोड़ से ज्यादा बजट, कमाई आधी
मारुति के निर्देशन में बनी ‘द राजा साब’ 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब नजर आए. कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने लापता दादा की तलाश करते हुए एक भुतहा हवेली तक पहुंच जाता है.
‘स्पिरिट’ से प्रभास के फैंस को मनाएंगे?
बातचीत के दौरान जब निर्माता से पूछा गया कि क्या वह ‘स्पिरिट’ के जरिए प्रभास के फैंस की नाराजगी दूर करेंगे, तो उन्होंने साफ किया कि वह इस फिल्म के सिर्फ तेलुगु डिस्ट्रीब्यूटर हैं. आपको बता दें कि प्रभास अब संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ में नजर आने वाले हैं. फिल्म को साल 2027 में रिलीज किया जाना है. फिल्म में तृप्ति डिमरी, विवेक ओबेरॉय, कंचना और ऐश्वर्या देसाई भी अहम रोल्स में हैं.
About the Author
.jpg?impolicy=website&width=52&height=52)
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…

