Last Updated:
Ballia News: बलिया के एक दुकान का समोसा ही नहीं, बल्कि इनके दुकान का डेकोरेशन भी लोगों को काफी अट्रेक्ट करता है. विक्रेता नेताजी प्रजापति बिना लहसुन-प्याज के समोसे बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने पूरे परिवार के साथ 12 ज्योतिर्लिंग और 38 शक्तिपीठों के दर्शन कर चुके हैं.
बलिया: समोसा बेचकर जीवन यापन करने वाले नेताजी प्रजापति अपनी मेहनत और आस्था की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं. वे समोसे बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने पूरे परिवार के साथ देश के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर निकलते हैं. इनका साफ कहना है कि इनका जीवन महादेव और देवियों की कृपा से चलता है, इसलिए जो उनकी कमाई होती है. उसमें से कुछ भाग भगवान के लिए निकालते हैं. इनको लोग आखिर नेता जी क्यों कहते हैं और इनके समोसे इतने चर्चित क्यों हैं, आइए जानते हैं.
नेताजी प्रजापति का कहना है कि वे समोसा बेचने के बाद जब पैसे इकट्ठे कर लेते हैं, तब ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने निकल जाते हैं. वे अभी तक 12 ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कर चुके हैं और वह भी एक बार नहीं, बल्कि चार-चार बार. इसके अलावा वे 38 माता शक्तिपीठों के दर्शन भी कर चुके हैं, जिनमें तारा शक्तिपीठ, काली माता शक्तिपीठ और मां वैष्णो देवी जैसे तमाम शक्तिपीठ शामिल हैं. नेता का कद जरूर छोटा है, लेकिन जज्बे बड़े है. नेता जी स्टूल पर खड़े होकर समोसा बनाते हैं, क्योंकि थोड़ा लंबाई कम हैं.
दुकान और कारोबार की खासियत
उनकी यह छोटी सी दुकान है और उनका कहना है कि बाबा की कृपा से ही यह सब दर्शन करना संभव हो पाता है. इनके द्वारा समोसा घर पर तैयार किया जाता है, जिसमें घर के पिसे हुए मसाले होते हैं. यह समोसा बिना लहसुन प्याज के तैयार किया जाता है, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है. इसके साथ ही मूली और टमाटर या मौसमी गरमागरम चटनी होती है. इसे 4 रुपए प्रति पीस के हिसाब से बेचते हैं और प्रतिदिन 800 से लेकर 1000 पीस तक बेच देते हैं. उनका कहना है कि जितना समोसा बन जाता है, उतना पूरा बिक जाता है. इतनी मांग है कि उतना समोसा बना ही नहीं पाते हैं.
नेताजी नाम पड़ने की वजह
इनको लोग नेताजी के नाम से जानते हैं. इसके पीछे का कारण यह है कि वे पहले नेताओं के साथ रहते थे और उन्होंने एक चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें सफलता हासिल नहीं हुई थी. उसी समय से लेकर आज तक लोग इनको नेताजी कहकर बुलाते हैं और इन्होंने अपनी दुकान का नाम भी नेताजी प्रजापति रखा है. इस दुकान में तमाम देवी और देवताओं के फोटो लगे हैं. इस ठेके में एक शानदार महादेव का त्रिशूल भी है, जिसकी वह प्रतिदिन पूजा-पाठ करते हैं.
अगर आप भी यहां आना चाहते हैं, तो बलिया के रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित प्रसिद्ध बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर है. जहां से कुछ ही दूरी पर बाएं बगल में यह दुकान स्थित है, जहां आप भी आकर इस समोसे के स्वाद का आनंद ले सकते हैं. यहां हरदम भीड़ लगी रहती हैं.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें

