Last Updated:
फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहली ही फिल्म से पहचान बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. लेकिन कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो अपनी पहली फिल्म से ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं. विजयता पंडित भी ऐसी ही अभिनेत्री रही हैं. 1980 के दशक में उन्होंने अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय से बॉलीवुड में खूब नाम कमाया. खास बात यह है कि उन्होंने महज 14 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखा था और डेब्यू फिल्म की सफलता के बाद रातोंरात स्टार बन गई थीं.
डेब्यू हिट के बाद भी नहीं चमकी किस्मत
नई दिल्ली. विजयता पंडित का ताल्लुक एक ऐसे परिवार से था, जिसका संगीत और कला की दुनिया से गहरा रिश्ता रहा है. उनके पिता प्रताप नारायण पंडित शास्त्रीय गायक थे, जबकि उनके चाचा मशहूर शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे.
विजयता की बड़ी बहन सुलक्षणा पंडित भी अपने समय की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका थीं. वहीं, उनके भाई जतिन पंडित और ललित पंडित की जोड़ी बॉलीवुड में मशहूर संगीतकार के तौर पर पहचान बना चुकी है. ऐसे माहौल में पली-बढ़ीं विजयता के लिए कला से जुड़ना स्वाभाविक था.
14 साल की उम्र में किया फिल्मी डेब्यू
विजयता पंडित ने साल 1981 में फिल्म ‘लव स्टोरी’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. इस फिल्म का निर्माण राजेंद्र कुमार ने किया था और इसमें कुमार गौरव मुख्य भूमिका में नजर आए थे. विजयता उस वक्त सिर्फ 14 साल की थीं. ‘लव स्टोरी’ रिलीज होते ही दर्शकों के बीच छा गई. फिल्म की कहानी, गाने और कलाकारों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया. विजयता की मासूमियत और अभिनय ने भी लोगों का ध्यान खींचा. पहली ही फिल्म की जबरदस्त सफलता ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. इसके बाद विजयता ने कई फिल्मों में काम किया. इनमें ‘मोहब्बत’, ‘कार थिप’, ‘जीते हैं शान से’, ‘दीवाना तेरे नाम का’, ‘जलजला’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘साजिश’, ‘आग के शोले’ और ‘कसम धंधे की’ जैसी फिल्में शामिल हैं. लेकिन फ्लॉप होती जा रही फिल्मों ने इनका बना बनाया करियर चोपट कर दिया.
एक ही फिल्म से मिली ताउम्र पहचान
एक्टिंग के साथ गायकी में भी आजमाया हाथ
विजयता पंडित सिर्फ अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक अच्छी प्लेबैक सिंगर भी थीं. उन्होंने फिल्मों और म्यूजिक एल्बम्स के लिए गाने भी गाए. यानी अभिनय के साथ-साथ उन्होंने अपनी गायकी का हुनर भी लोगों के सामने रखा. विजयता पंडित की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही. उन्होंने पहली शादी फिल्म निर्देशक समीर मलकान से की थी. हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और दोनों का तलाक हो गया.
बता दें कि इसके बाद विजयता ने साल 1990 में मशहूर संगीतकार आदेश श्रीवास्तव से शादी की. दोनों के दो बेटे हैं. साल 2015 में कैंसर की वजह से आदेश श्रीवास्तव का निधन हो गया. इसके बाद विजयता को जिंदगी में कई मुश्किल दौर का सामना करना पड़ा. आज विजयता पंडित पहले की तरह फिल्मों और लाइमलाइट में नजर नहीं आतीं. वह मुंबई में अपने परिवार और बेटों के साथ सादगी भरी जिंदगी जी रही हैं. हालांकि, ‘लव स्टोरी’ से मिली उनकी पहचान और 14 साल की उम्र में हासिल की गई कामयाबी आज भी हिंदी सिनेमा के इतिहास का एक यादगार हिस्सा है.
About the Author
.jpeg?impolicy=website&width=52&height=52)
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…
और पढ़ें
