दिल्ली के आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर 14 से 23 अगस्त तक 10 दिवसीय ‘स्टोरीबॉक्स’ बुक फेयर लगा है। पाठक बॉक्स के हिसाब से अपनी मनपसंद किताबें एक तय कीमत में खरीद सकते हैं।
राजीव शर्मा, नई दिल्ली
दिल्ली के आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर 14 से 23 अगस्त तक 10 दिवसीय बुक फेयर ‘स्टोरीबॉक्स’ लगा है। स्टोरीबॉक्स की थीम पर लगे इस बुक फेयर में सुबह 9 से रात 10 बजे तक कार्टन बॉक्स के हिसाब से किताबों की खरीद की जा सकती है। पाठकों के लिए अलग-अलग किताबें खरीदने के बजाय ‘स्टोरीबॉक्स मिनी’ और ‘स्टोरीबॉक्स बिगी’ जैसे बॉक्स के हिसाब से किताबें खरीदने का खास विकल्प है। इस बुक फेयर में 2,000 से अधिक हिंदी और अंग्रेजी किताबें उपलब्ध हैं।
14 अगस्त से आरंभ हुआ यह बुक फेयर 23 अगस्त तक सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक सभी आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। इस बुक फेयर में आगंतुकों को सबसे अधिक आकर्षित कर रहा है इसका बॉक्स-आधारित खरीदारी का विकल्प। अलग-अलग किताबें खरीदने के बजाय, पाठक अपनी जेब पर अधिक बोझ डाले बिना बॉक्स के हिसाब से किताबें खरीद सकते हैं।
आगंतुकों के पास दो अलग-अलग बॉक्स साइज़ के विकल्प हैं, स्टोरीबॉक्स मिनी और स्टोरीबॉक्स बिगी जिसमें वे अपनी पसंद और बजट के हिसाब से कोई भी बॉक्स चुनकर, उसमें जितनी किताबें आराम से फिट हो सकें, उतनी भर सकते हैं और पूरे बॉक्स की तय कीमत पर एक साथ खरीद सकते हैं।
बुक फेयर के इस फॉर्मैट ने लोगों के लिए अपनी पसंदीदा किताबें तलाश कर उन्हें घर ले जाने के अनुभव को और ख़ास बना दिया है। पाठक अलग-अलग शैलियों की किताबें देखते हैं, अपनी पसंदीदा किताबें चुनते हैं और एक ही बॉक्स में अपनी पसंद का खास कलेक्शन तैयार करते हैं।
इस बुक-फेयर में, हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में अलग-अलग तरह की किताबों का कलेक्शन मौजूद है, जिनमें फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बच्चों की किताबें और बहुत कुछ शामिल है, जो हर उम्र और पसंद के पाठकों की जरूरतों को पूरा करती हैं।
किताबों के अलावा, यह बुक फेयर लोगों को लेखकों से मिलने, ‘मीट-एंड-ग्रीट’ सेशन में हिस्सा लेने और किताबों पर ऑटोग्राफ लेने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। एक्सक्लूसिव प्री-ऑर्डर, मर्चेंडाइज़ और किताबों से जुड़े दूसरे अनुभव आगंतुकों के लिए इस पूरे अनुभव को और बेहतर बनाते हैं।
यह बुक फेयर नमो भारत स्टेशन को सपनों और किस्सों से जोड़कर, किताबों को दैनिक यात्रा का एक सुलभ और मजेदार हिस्सा बना रहा है। यात्री अपने रोज़ के सफर से कुछ पल चुराकर, थोड़ा सा ठहरकर अपनी पसंद की किताब चुन रहे हैं और अपने साथ ले जा रहे हैं। चाहे वे छात्र हों, दैनिक यात्री, पूरे परिवार के लोग या अन्य आगंतुक, यह बुक फेयर मात्र एक किताब की कीमत पर उन्हें अपनी पसंदीदा साहित्यिक दुनिया की यात्रा करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
आनंद विहार इस क्षेत्र के सबसे व्यस्त मल्टीमॉडल हब में से एक है जो सार्वजनिक परिवहन के कई साधनों से निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करता है। इससे अलग-अलग तरह के यात्रियों और आगंतुकों के लिए इस बुक फेयर तक पहुँचना और भी आसान हो गया है। इस बुक फेयर ने पढ़ने और किताबों में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक साझा मंच प्रदान कर, पढ़ने को और ज़्यादा सुलभ बना दिया और रोज़ाना के सफ़र में सार्थक जुड़ाव को प्रोत्साहित कर रहा है।
यह पहल एनसीआरटीसी द्वारा नमो भारत स्टेशनों को एक जीवंत सोशल हब बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को कला, संस्कृति, इतिहास, शिक्षा और मनोरंजन से जोड़कर उन्हें नए अनुभव प्रदान करना है।
यह बुक फेयर लोगों को अपनी भागदौड़ भरी ज़िंदगी से फुर्सत के कुछ पल निकालकर, नई किताबों, विषयों और अनुभवों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही यह नमो भारत स्टेशनों की बदलती भूमिका को भी दिखाता है जहाँ ये ऐसे सार्वजनिक स्थानों के रूप में विकसित हो रहे हैं जो यात्रा सुविधा के साथ-साथ लोगों, रुचियों और समुदायों को आपस में जोड़ते हैं।




