Last Updated:
National Awards 2025 Winners List: खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान किया। एथलेटिक्स स्टार तेजस्विन शंकर समेत 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है. हालांकि, इस बार किसी भी खिलाड़ी के नाम की मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए घोषणा नहीं की गई.
तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड.
नई दिल्ली. खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान कर दिया है. इस बार 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है, लेकिन देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं हुई. खास बात यह है कि इस साल अर्जुन पुरस्कार पाने वालों की लिस्ट में एक भी क्रिकेटर शामिल नहीं है. वहीं, द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए तीन प्रशिक्षकों और लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में दो कोचों के नाम तय किए गए हैं.
खेल रत्न इस बार किसी के नाम नहीं
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिए जाने को लेकर है. मंत्रालय ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए किसी भी खिलाड़ी को योग्य नहीं माना. हॉकी स्टार हार्दिक सिंह का नाम देश के सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए चर्चा में था, लेकिन अंतिम लिस्ट में उन्हें जगह नहीं मिली. ऐसा लंबे समय बाद हुआ है जब किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न से सम्मानित नहीं किया जाएगा. इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था, जब इस पुरस्कार के लिए कोई नाम घोषित नहीं किया गया था.
अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन
अर्जुन पुरस्कार के लिए इस बार अलग-अलग खेलों से 17 खिलाड़ियों को चुना गया है. इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, पैरा-स्पोर्ट्स, रोइंग और शूटिंग जैसे खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं. अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में तेजस्विन शंकर, प्रियंका गोस्वामी, मुहम्मद अजमल, नरेंद्र, विदित गुजराती, दिव्या देशमुख, धनुष श्रीकांत, राजकुमार पाल, सुरजीत, रुद्रांश खंडेलवाल, एकता भ्यान, अरविंद सिंह, अखिल श्योराण, ट्रीसा जॉली, गायत्री गोपीचंद, लालरेमसियामी और पूजा शामिल हैं. यह पुरस्कार पिछले चार वर्षों में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन के लिए दिया जाता है.
दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर शामिल
अर्जुन पुरस्कार पाने वालों में शतरंज की युवा स्टार दिव्या देशमुख का नाम खास है. 19 वर्षीय दिव्या ने पिछले साल जॉर्जिया के बातुमी में महिला विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था. वह विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं और इसके बाद भारत की चौथी महिला शतरंज ग्रैंडमास्टर बनीं. वहीं, एथलीट तेजस्विन शंकर ने भी हाल के समय में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में डेकाथलॉन में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता. वह राष्ट्रमंडल खेलों के डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने.




