Last Updated:
India Gold Medal Asian Games: कमलजीत और सुरुचि सिंह की भारतीय निशानेबाजों की जोड़ी ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया. भारत को महिला क्रिकेट के बाद अगला गोल्ड अब शूटिंग के इसी इवेंट में मिला है. कमलजीत और सुरुचि सिंह ने शूटिंग में सुनहरा निशाना साधा.
सुरुचि सिंह और कमलजीत ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड मेडल
आईची-नागोया: आखिरकार भारत को एशियन गेम्स में तीन दिन बाद अपना दूसरा गोल्ड मेडल मिल ही गया. लंबे इंतजार के बाद भारतीय शूटर्स ने स्वर्णिम निशाना लगाया. 10 मीटर एयर पिस्टल मिस्क्ड इवेंट में शुक्रवार की सुबह इंदर सिंह सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने मिलकर भारत को गोल्ड मेडल दिलाया. यह 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारत के लिए पदक जीतने का आखिरी मौका था. एशियन गेम्स के इतिहास में भारत को सबसे ज्यादा मेडल्स निशानेबाजी में ही मिलते हैं. मगर इन खेलों में अबतक हमारे निशानेबाजों के बंदूक खामोश थे.
काम आईं 140 करोड़ भारतीयों की दुआएं
कमलजीत व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन में नौवें और सुरुचि 26वें स्थान पर रहीं थीं और दोनों ही व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके थे. भारत पुरुष और महिला टीम स्पर्धाओं में भी पदक हासिल करने से चूक गया था, लेकिन 25 सितंबर यानी शुक्रवार की सुबह 140 करोड़ भारतीयों को उस वक्त खुशखबरी मिली, जब 484.6 पॉइंट के साथ कमलजीत और सुरुचि सिंह ने टॉप किया और देश को दूसरा गोल्ड दिला दिया.
हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले हैं कमलजीत
रेवाड़ी जिले के सुल्खा गांव के रहने वाले कमलजीत 10m एयर पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल इवेंट दोनों में माहिर हैं. 2019 में शूटिंग शुरू करने वाले कमलजीत पहले एथलेटिक्स के प्लेयर थे, लेकिन चोट के कारण उन्हें ट्रैक-एंड-फील्ड छोड़ना पड़ा. कमलजीत को अपने शूटिंग करियर की शुरुआत में आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा. कोर्स की फीस और इवेंट का खर्च खुद उठाया, कई बार गेम छोड़ने के बारे में भी सोचा. माता-पिता का पूरा सपोर्ट मिला. अगले दो-तीन साल में जमकर मेहनत करने के बाद कमलजीत ने जूनियर इंटरनेशनल सर्किट में अपनी पहचान बनाई. कोरिया में 2023 ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में 50m पिस्टल जूनियर मेंस इवेंट में गोल्ड मेडल जीता, इसके बाद सीनियर इंटरनेशनल सर्किट में 10m एयर पिस्टल और 50m पिस्टल दोनों इवेंट में हिस्सा लिया.
कमलजीत सिंह और सुरुचि सिंह ने 10 मी. मिक्स्ड इवेंट में फाइनल जीता
सुरुचि को पिता बनाना चाहते थे रेसलर
हरियाणा के झज्जर की सुरुचि सिंह भारत की उभरती 10 मीटर एयर पिस्टल शूटर हैं. 13 साल की उम्र में शूटिंग शुरू करने वाली सुरुचि एक स्पोर्ट्स बैकग्राउंड वाली फैमिली से आतीं हैं. पिता उन्हें पहले रेसलर बनाना चाहते थे. सुरुचि ने 2025 में सीनियर इंटरनेशनल सर्किट पर तहलका मचाया. उन्होंने ब्यूनस आयर्स, लीमा और म्यूनिख ISSF वर्ल्ड कप में लगातार तीन व्यक्तिगत गोल्ड जीते और लीमा में मिक्स्ड टीम गोल्ड भी हासिल किया. दोहा वर्ल्ड कप फाइनल में 245.1 के जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता. 2026 में म्यूनिख वर्ल्ड कप में फिर गोल्ड अपने नाम किया, जबकि नई दिल्ली एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में मिक्स्ड टीम सिल्वर जीता, उन्हें TOPS के तहत ₹2 लाख और ACTC के तहत ₹27.56 लाख की सहायता मिली है.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ें

