नई दिल्ली. भारतीय एथलीटों का एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन और जीत का जज्बा लगातार देखने को मिल रहा है. प्रतियोगिता के सातवें दिन शुक्रवार (25 सितंबर) को भारतीय दल 14 अलग-अलग खेलों में अपनी किस्मत आजमाने उतरेगा. प्रतिस्पर्धा के इस दौर में एथलेटिक्स, शूटिंग, इक्वेस्ट्रियन और वेटलिफ्टिंग जैसे प्रमुख खेलों में भारतीय खिलाड़ी पदकों के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकेंगे.
दिन की शुरुआत तैराकी (स्विमिंग) के मुकाबलों से होगी. सुबह 6:40 बजे पुरुषों की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक हीट 3 में धनुष सुरेश भारतीय चुनौती पेश करेंगे. इसके बाद सुबह 6:58 बजे पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक हीट में ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल अपनी दौड़ शुरू करेंगे. सुबह 7:10 बजे पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल में दक्षन शशिकुमार और अनीश गौड़ा उतरेंगे, जबकि सुबह 7:36 बजे पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई हीट 3 में अनुभवी साजन प्रकाश जलवे दिखाएंगे. दोपहर 1:35 बजे से इन सभी इवेंट्स के फाइनल मुकाबले शुरू होंगे, जिनमें भारतीय तैराकों से पदक तालिका में खाता खोलने की उम्मीद रहेगी.
ट्रैक एंड फील्ड में दांव पर होंगे कई मेडल
एथलेटिक्स में भारत की ओर से बड़ा दल मैदान में होगा. सुबह 6:30 बजे महिलाओं की हेप्टाथलन में पूजा और अनामिका कोझिंजापरम्बिल लॉन्ग जंप से अपने अभियान का आगाज करेंगी, जिसके बाद सुबह 7:55 बजे वे भाला फेंक में हिस्सा लेंगी. शाम 4:41 बजे हेप्टाथलन की 800 मीटर रेस के साथ इस इवेंट का समापन होगा. दोपहर 3:35 बजे महिलाओं की shot put फाइनल में मनप्रीत कौर और कृष्णा जयशंकर अपनी ताकत दिखाएंगी. शाम 4:03 बजे पुरुषों की 100 मीटर सेमीफाइनल में गुरविंदर सिंह और अनिमेष कुजूर फर्राटा भरेंगे, जिसके बाद फाइनल मुकाबला शाम 6:50 बजे खेला जाएगा. ट्रैक एंड फील्ड में शाम 4:33 बजे महिलाओं की पोल वॉल्ट फाइनल में सिंधुश्री गणेशा और बारणिका इलांगोवन, जबकि शाम 5:02 बजे पुरुषों की 10,000 मीटर फाइनल में गुलवीर सिंह दौड़ेंगे. शाम 5:10 बजे पुरुषों के हैमर थ्रो फाइनल में दमनीत सिंह और प्रवीण कुमार जोर आजमाइश करेंगे. इसके अलावा शाम को 400 मीटर की रेस में महिलाओं की तरफ से किरण व प्राची और पुरुषों की तरफ से विशाल टीके अपनी दौड़ लगाएंगे.
बैडमिंटन कोर्ट पर दिग्गज जोड़ियों का एक्शन
बैडमिंटन कोर्ट पर भी कई बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे. शाम 6:10 बजे मिक्स्ड डबल्स के पहले दौर में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी मालदीव के अहमद निबाल और अमीनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक का सामना करेगी. शाम 4:00 बजे के बाद पुरुषों के डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी थाईलैंड के पक्कापोन तीरा रत्साकुल और पीरत्चाई सुकफुन से भिड़ेगी. वहीं महिला डबल्स में ट्रीसा जॉली व गायत्री गोपीचंद पुलेला और कविप्रिया सेल्वम व सिमरन सिंघी की जोड़ियों के साथ-साथ पुरुष डबल्स में हरिहरन अमसाकरुणन और अर्जुन एम.आर. भी अपनी चुनौती पेश करेंगे. महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा का सामना दक्षिण कोरिया की यू मी सोंग से होगा.
बॉक्सिंग रिंग और वेटलिफ्टिंग में पदकों की जंग
बॉक्सिंग रिंग में सुबह 10:15 बजे पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में सचिन का मुकाबला जॉर्डन के मोहम्मद अबू जाजेह से होगा. दोपहर 2:15 बजे महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में प्रीति की भिड़ंत उत्तर कोरिया की पांग चोल मी से होगी. वेटलिफ्टिंग में दोपहर 1:30 बजे महिलाओं के 61 किग्रा फाइनल में सेराम निरुपमा देवी भारत की ओर से पदक के लिए जोर लगाएंगी.
शूटिंग रेंज में सटीक निशाने की उम्मीद
शूटिंग में भारत की पदक उम्मीदें काफी मजबूत हैं. सुबह 6:15 बजे 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन में कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह निशाना साधेंगे, जिनका फाइनल सुबह 8:30 बजे होगा. सुबह 7:15 बजे 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष बालासाहब पाटिल और नीरज कुमार इंडिविजुअल क्वालिफिकेशन व टीम फाइनल में उतरेंगे, जबकि इसका इंडिविजुअल फाइनल सुबह 10:30 बजे खेला जाएगा.
इक्वेस्ट्रियन, हॉकी और कबड्डी में दिखेगा भारतीय दम
इक्वेस्ट्रियन में सुबह 6 बजे से ड्रेसएज टीम फाइनल और इंडिविजुअल 1st क्वालिफायर में गौरव पुंडीर, हृदय छेड़ा, श्रुति वोरा और जय सूद की भारतीय टीम अपनी कलाबाजी दिखाएगी. हॉकी में सुबह 7:30 बजे भारतीय महिला टीम का सामना पूल बी के मैच में मेजबान जापान से होगा. कबड्डी के सेमीफाइनल मुकाबलों में सुबह 9:30 बजे महिला टीम नेपाल से और सुबह 10:45 बजे पुरुष टीम थाईलैंड से फाइनल में जगह बनाने के लिए टकराएगी.
अन्य प्रमुख खेलों में भारतीयों की कड़ी परीक्षा
कैनो स्प्रिंट, फेंसिंग, स्क्वैश, सर्फिंग, टेबल टेनिस और ई-स्पोर्ट्स में भी भारतीय एथलीट पूरे दिन एक्शन में रहेंगे. कैनो स्प्रिंट में प्रोहित बारोई, प्रसन्न कुमार, मेघा प्रदीप और नेहा देवी सेमीफाइनल व फाइनल में उतरेंगे. फेंसिंग की टेबल ऑफ 16 में भारतीय पुरुष फॉइल टीम का मुकाबला हॉन्ग कॉन्ग से और महिला एपीड टीम का सामना उज्बेकिस्तान से होगा. स्क्वैश के क्वार्टर फाइनल में वेलावन सेन्थिलकुमार, जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना और वीर चोटरानी अपनी-अपनी श्रेणियों में सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने उतरेंगे. सर्फिंग में शुगरा शांति गायेन, कमाली प्रकाश, किशोर कुमार और शिवराज बाबू तरंगों पर अपना करतब दिखाएंगे. टेबल टेनिस में मानुष शाह, दिया चितले, हरमीत देसाई, यशस्विनी घोरपड़े, जी. साथियान, मानव ठक्कर, श्रीजा अकुला और सिंड्रेला दास मिक्स्ड, डबल्स और सिंगल्स मुकाबलों में भारतीय चुनौती को आगे बढ़ाएंगे. वहीं ई-स्पोर्ट्स में पोकेमोन यूनाइट ग्रुप सी मैच में भारतीय टीम का सामना दक्षिण कोरिया की मजबूत टीम से होगा.
