Last Updated:
Manu Bhaker Asian Games 2026: भारतीय शूटिंग की पोस्टर गर्ल मनु भाकर का एशियन गेम्स 2026 में अबतक का सफर किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ है. 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में वह पांचवीं पोजिशन पर रहकर एलिमिनेट हो गईं, इससे पहले टीम इवेंट में तो फाइनल तक में नहीं पहुंच पाईं थीं. अब उनके पास 25 मीटर फाइनल इवेंट में एक मौका बचा है.
मनु भाकर एशियन गेम्स में सुपरफ्लॉप साबित हुईं.
आईची-नागोया: दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट शूटर मनु भाकर एशियन गेम्स 2026 में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई. न व्यक्तिगत इवेंट में मेडल जीत पाईं और न टीम इवेंट में पदक दिलाया. 24 साल की मनु 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में पहुंचीं तो लगा कि मेडल आएगा, लेकिन वह 181.1 पॉइंट्स के साथ पांचवीं पोजिशन पर रहीं. इससे पहले तो वह वुमेंस टीम इवेंट के फाइनल में भी क्वालीफाई नहीं कर पाईं, जहां उनके साथ ईशा सिंह और सुरुचि सिंह के साथ थीं.
क्वालीफाइंग इवेंट में तीसरे नंबर पर रहीं थीं
पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर ने 579 का स्कोर बनाकर क्वालीफाइंग में तीसरा पोजिशन हासिल किया था जबकि ईशा सिंह 572 के स्कोर के साथ 15वें स्थान पर रहीं और फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं. सुरुचि सिंह 568 के स्कोर के साथ 26वें स्थान पर रहीं. भारत महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में वियतनाम से पदक से चूक गया. दोनों टीमों के समान 1719 अंक रहे, लेकिन भारत ने 10 अंक पर कम शॉट लगाए थे, जिससे उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा.
महिला स्कीट टीम ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
रायजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल की महिला स्कीट टीम ने बुधवार को 331 के संयुक्त स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता जो एशियाई खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में भारत का छठा पदक है. स्कीट स्पर्धा में प्रत्येक निशानेबाज को 125 अंकों में से अधिकतम अंक हासिल करने होते हैं. परिनाज और रायजा दोनों ने 125 में से 111 अंक, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक हासिल करके पोडियम स्थान प्राप्त किया. भारत इस तरह से निशानेबाजी में अब तक चार रजत और दो कांस्य पदक जीत चुका है.
अभी मनु के पास मेडल जीतने का एक और मौका
मनु भाकर के पास एशियाई खेलों में एक और मौका है, क्योंकि वह 27 और 28 सितंबर को महिलाओं की 25 मीटर स्पोर्ट पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लेंगी. 10 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत इवेंट में पहली दो सीरीज के बाद उन्होंने 100.3 का स्कोर किया और शुरुआती दौर में मेडल की दौड़ में बनी रहीं. आखिरकार जब प्रतियोगिता में पांच शूटर बचे थे, तब वह 181.1 के स्कोर के साथ बाहर हो गईं. दक्षिण कोरिया की चू गाउन ने एशियाई खेलों के रिकॉर्ड 246.3 स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता. चीन की शेन यियाओ ने 241.3 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि जियांग रैनक्सिन ने 221.6 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ें

