Last Updated:
UGC Bill Protest: यूजीसी (UGC) बिल के विरोध में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जमकर विरोध हो रहा है. आगरा से लेकर फिरोजाबाद तक स्वर्ण समाज और विभिन्न संगठनों के लोग बिल के विरोध में सड़कों पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया. आगरा में जहां प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर पुलिस की नाकाबंदी तोड़ी, वहीं फिरोजाबाद के गांधी पार्क में जुटे उग्र लोगों की पुलिस के साथ तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हो गई.
UGC बिल के खिलाफ पश्चिमी यूपी में सड़कों पर उतरे लोग.
UGC Bill Protest in West UP: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में यूजीसी बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों ने रविवार को हिंसक और तनावपूर्ण रूप ले लिया. आगरा और फिरोजाबाद में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी झड़पें हुईं, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की फोर्स को मौके पर तैनात करना पड़ा.
आगरा में यूजीसी मुक्ति मोर्चा के आह्वान पर रविवार को बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया. मोर्चे के अध्यक्ष और रिटायर्ड सीओ धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में सुबह से ही भारी भीड़ जुटने लगी थी. जलेसर रोड स्थित मुड़ी चौराहे पर एक सभा का आयोजन किया गया, जिसके बाद कलक्ट्रेट की ओर ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा की गई थी. इसे रोकने के लिए पुलिस ने भारी नाकाबंदी की थी, लेकिन आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग और नाकाबंदी को दरकिनार करते हुए अपने ट्रैक्टर खेतों के रास्तों से आगे बढ़ा दिए.
फिरोजाबाद के गांधी पार्क में जबरदस्त हंगामा
उधर, फिरोजाबाद में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के आह्वान पर यूजीसी बिल के विरोध में सैकड़ों लोग गांधी पार्क में इकट्ठा हुए. हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान जब भीड़ ने जिला मुख्यालय की तरफ कूच करने की कोशिश की और विवेकानंद चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़ने लगी, तो पुलिस के साथ उनकी जबरदस्त धक्का-मुक्की हो गई. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई.
चार थानों की फोर्स तैनात, तीन लोगों के घायल होने की सूचना
बढ़ते तनाव और हंगामे को देखते हुए तत्काल प्रभाव से मौके पर चार थानों की पुलिस फोर्स बुलाई गई. एसपी सिटी की अगुवाई में भारी पुलिस बल ने भीड़ को खदेड़ने और शांत करने का प्रयास किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनका ज्ञापन छीन लिया, जिसके विरोध में वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए. इस पूरी झड़प और धक्का-मुक्की में तीन लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है, जिनमें से दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.UG
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

