Last Updated:
Pakistan wants hockey matches to be shifted from India to a neutral venue: पाकिस्तान ने भारत के साथ संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी हॉकी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया है. पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने एशियाई हॉकी महासंघ से टूर्नामेंट या अपने सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया है.
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने अपनी टीम को भारत भेजने से किया इनकार.
लाहौर. पाकिस्तान ने भारत के साथ ‘संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति’ का हवाला देते हुए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी मेंस हॉकी टीम को मेजबान देश भेजने से इनकार कर दिया है. पीएचएफ ने एशियाई हॉकी महासंघ से टूर्नामेंट या उसके सभी मुकाबलों को न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट करने की मांग की है.
पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने कहा कि वह पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (ACT) में पाकिस्तान की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल चाहता है. पीएचएफ के अंतरिम अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट या पाकिस्तान के सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है.
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने अपनी टीम को भारत भेजने से किया इनकार.
वानी ने बयान में कहा, ‘यह फैसला पाकिस्तान और भारत के बीच मौजूदा संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति तथा मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना है.’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और वैश्विक स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
वानी ने कहा, ‘हम मैदान पर भारत के साथ-साथ एफआईएच के सभी सदस्य देशों का सामना करने के लिए तैयार हैं और खेल को राजनीति से मुक्त रखने के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध हैं. हमें पूरी उम्मीद है कि एशियाई हॉकी महासंघ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल के हमारे गरिमापूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेगा.’
यह घटनाक्रम पीएचएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा पीटीआई को यह बताए जाने के कुछ ही घंटे बाद हुआ कि सरकार ने राष्ट्रीय टीम के भारत दौरे को मंजूरी नहीं दी है. यह बात भारत के पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दावे के विपरीत है. मान ने हॉकी इंडिया के सचिव भोला नाथ सिंह के साथ एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की भागीदारी की पुष्टि की थी. उन्होंने जोर देकर कहा था कि भारत की खेल नीति पाकिस्तान को देश में होने वाले बहुराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति देती है.
पाकिस्तान ने सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित एफआईएच जूनियर विश्व कप और एशिया कप से भी अपना नाम वापस ले लिया था. क्षेत्र के इस प्रमुख टूर्नामेंट भारत, पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और कोरिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक मोहाली और जालंधर में आयोजित किया जाएगा.
About the Author

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ें
