संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को वन विभाग द्वारा म्योरपुर स्थित मून स्टार इंग्लिश स्कूल तथा ग्राम पंचायत गड़िया में पौधरोपण एवं जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधरोपण तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
मून स्टार इंग्लिश स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड रहे, जबकि ग्राम गड़िया में आयोजित जनचौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रेमचंद्र यादव ने की। अतिथियों ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। इस अवसर पर मून स्टार इंग्लिश स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को आम के पौधों का वितरण किया गया तथा उन्हें पौधरोपण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी जबर सिंह, गोविंद सिंह, चंद्रभान सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





