संवाददाता@विशाल टंडन…..

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में वीबीजी-ग्रामजी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीणों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद सोनभद्र के सभी विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनसम्मेलनों, संवाद कार्यक्रमों और जागरूकता बैठकों का आयोजन कर ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं, ग्रामीणों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों ने योजना के उद्देश्य, ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका, पात्रता, लाभ एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

साथ ही लोगों से कहा गया कि वे अपने आसपास के पात्र परिवारों को भी योजना की जानकारी देकर उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत बहुआर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि सरकार की मंशा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इसके लिए जनसहभागिता और जनजागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को वीबीजी-ग्रामजी योजना के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित करना तथा ग्रामीण विकास की प्रक्रिया में जनभागीदारी को मजबूत बनाना है।





