@जे0 के0/@विशाल टंडन…..
— बोलीं- ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रयास, सीटों का फैसला गठबंधन में बैठकर होगा

Sonbhadra। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को राबर्ट्सगंज स्थित एक निजी लॉन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया है।

अपना दल एनडीए के साथ एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगा और गठबंधन के सभी घटक दलों के प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रयास करेगा, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला एनडीए में आपसी बातचीत के बाद लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के चेहरे का फैसला भाजपा करेगी, क्योंकि एनडीए का नेतृत्व भाजपा करती है। उन्होंने कहा कि एनडीए की ओर से आमतौर पर चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया जाता।
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उन्होंने उस समय जातिगत जनगणना की मांग उठाई थी, जब सरकार के स्तर पर इसे कराने का निर्णय नहीं लिया गया था। उन्होंने पीडीए को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल पीडीए का नाम लेने से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों का भला नहीं होगा। अपना दल ने नीट परीक्षा में ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिलाने सहित सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काम किया है।

राम मंदिर में ट्रस्ट की व्यवस्थाओं और सीईओ की नियुक्ति के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रशासनिक अनुभव वाले लोगों की जरूरत है। मंदिर की वेबसाइट भी तैयार की गई है और आगे व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि अपना दल ने जनता के हित में जो काम किए हैं, उन्हीं उपलब्धियों को लेकर आगामी चुनाव में जनता के बीच जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी zen Z को दिमागी नक्सल की बात कहते हैं, इस सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उन्हें नहीं पता।
