@जे0 के0……

Sonbhadra । हाथीनाला थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में डीजल लोड टैंकर के चालक की मौत हो गई। हादसा हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी मोड़ के समीप वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर हुआ, जहां कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे डीजल लोड टैंकर हाथीनाला की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने कथित रूप से ओवरटेक करने के प्रयास में टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का चालक राजू यादव (34) पुत्र हृदय यादव, निवासी आर-16 इंदिरा नगर, हाजी बुंदर रोड, सेवड़ी (पूर्व), मुंबई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक को एसीपी टोलवे की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बताया गया कि हादसे में कोयला लदे ट्रेलर का चालक सुरक्षित बच गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।





