CWG 2026 Day 10 India Live Updates: भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन शानदार रहा. भारतीय महिला मुक्केबाजों ने पांच स्वर्ण पदक जीते जबकि पुरूष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने खिताब अपने नाम किए. मौजूदा विश्व चैम्पियन जैसमीन लंबोरिया (57 किलो) , प्रीति पवार (54 किलो), साक्षी चौधरी (51 किलो) , अरूंधति चौधरी (70 किलो) , प्रिया घंघास (60 किलो) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने वजन वर्गों में स्वर्ण पदक जीते. वहीं ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलो) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.
CWG 2026 Day 10: पैरा शॉटपुट में राणा ने जीता गोल्ड
पुरुषों की एफ57 गोला फेंक स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करते हुए 2022 एशियाई पैरा खेलों के रजत पदक विजेता राणा ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 13.40 मीटर की दूरी तक गोला फेंका और पहला स्थान हासिल किया. भारत के ही शुभम जुयाल ने सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ 13.28 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि कैमरून के सेड्रिक अजामद्जी ने 12.57 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता.
CWG 2026 Day 10 Highlights: गुलवीर ने एक कॉमनवेल्थ गेम्स में दो मेडल जीतकर रचा इतिहास
गुलवीर सिंह शनिवार को 5000 मीटर में कांस्य पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए और एक ही राष्ट्रमंडल खेल में एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले वह भारत के पहले खिलाड़ी हैं जबकि पैरा शॉटपुट में सोमन राणा ने शनिवार को स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया.
CWG 2026 Live: बॉक्सर नरेंदर को सिल्वर
बॉक्सर नरेंदर भानवाल को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. 90 किलोग्राम भारवर्ग में नरेंदर को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. भारत ने 10वें दिन बॉक्सिंग में सात गोल्ड मेडल अपने नाम किए.
CWG 2026 Live: अंकुश पंघाल ने जीता स्वर्ण पदक
भारतीय मुक्केबाजों का राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है. पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत के अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया. अंकुश ने 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप के स्वर्ण पदक विजेता इंग्लैंड के डी. शिट्टू को 4-1 के एकतरफा स्प्लिट-डिसीजन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की.
CWG 2026 Live: सचिन सिवाच ने दिलाया छठा गोल्ड
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सचिन सिवाच ने पुरुषों की 60 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है. फाइनल के कड़े और रोमांचक मुकाबले में सचिन ने नामीबिया के टी.एम. एनडेवेलो को 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराते हुए पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया.
CWG 2026 Live: फाइनल में हारीं लवलीना बोरगेहेन
भारत की ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री से हारकर स्वर्ण पदक हासिल करने से चूक गईं. पहले दो दौर में 1-1 की बराबरी के बाद, तीसरे दौर में ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज ने 4-1 से बढ़त बना ली, जिसके चलते स्प्लिट डिसीजन (1-4) के तहत लवलीना को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा.
CWG 2026 Live: अरुंधति चौधरी ने भी जीता गोल्ड, बॉक्सिंग में भारत का दबदबा
भारत की अरुंधति चौधरी ने भी गोल्ड मेडल जीत लिया है. उन्होंने महिला 70 किग्रा बॉक्सिंग वर्ग के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड की शैंटेल रीड को हराकर भारत की झोली में बॉक्सिंग का एक और गोल्ड डाला. निर्णायक तीसरे राउंड में अरुंधति पूरी तरह मुकाबले पर हावी रहीं. दूसरे राउंड की तुलना में रीड इस बार ज्यादा आक्रामक नजर नहीं आईं, जिसका पूरा फायदा भारतीय मुक्केबाज ने उठाया. फाइनल बेल बजते ही अरुंधति ने दोनों हाथ हवा में उठा दिए. उन्हें अपनी जीत का पूरा भरोसा था. कुछ ही पलों बाद जजों ने भी उनके पक्ष में फैसला सुनाया. भारत को बॉक्सिंग में मिला यह 5वां गोल्ड है.
CWG 2026 Live: प्रिया घंघास ने जीता गोल्ड, बॉक्सिंग में भारत को एक और मेडल
प्रिया घंघास ने महिला 60 किग्रा बॉक्सिंग का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. फाइनल में उन्होंने कनाडा की मैरी-बाथौल अल-अहमदिएह को रोमांचक मुकाबले में हराकर भारत की झोली में एक और गोल्ड डाला. निर्णायक तीसरे राउंड की शुरुआत से ही प्रिया आक्रामक अंदाज में नजर आईं. दोनों मुक्केबाज लगातार एक-दूसरे पर पंच बरसाती रहीं और किसी ने भी पीछे हटने का नाम नहीं लिया. मुकाबले के दौरान कनाडाई बॉक्सर थकती हुई दिखीं, जिसका प्रिया ने पूरा फायदा उठाया और कई सटीक पंच लगाए. जैसे-जैसे मुकाबला अंतिम 30 सेकंड में पहुंचा, स्टेडियम में ‘भारत-भारत’ के नारे गूंजने लगे. प्रिया ने आखिरी पलों में भी शानदार खेल दिखाया और दमदार अंदाज में मुकाबला खत्म किया.
CWG 2026 Live: अब तीसरे राउंड में होगा गोल्ड का फैसला
दो राउंड के बाद मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ है. अब तीसरा और अंतिम राउंड तय करेगा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिला 60 किग्रा वर्ग का स्वर्ण पदक भारत जाएगा या कनाडा.
CWG 2026 Live: दूसरे राउंड में पलटा मुकाबला
पहले राउंड में पिछड़ने के बाद प्रिया ने दूसरे राउंड में संयम और धैर्य के साथ खेल दिखाया. शुरुआत में वह थोड़ी रक्षात्मक नजर आईं, जिसका फायदा कनाडाई बॉक्सर ने उठाने की कोशिश की. हालांकि, राउंड के आखिरी क्षणों में प्रिया ने जोरदार वापसी करते हुए कई सटीक पंच लगाए और मुकाबले का रुख बदल दिया. उनकी शानदार फिनिश का इनाम जजों ने भी दिया और 4-1 के स्प्लिट फैसले से दूसरा राउंड प्रिया के नाम रहा.
CWG 2026 Live: प्रिया घंघास ने पहला राउंड गंवाया
भारत की प्रिया घंघास ने महिला 60 किग्रा बॉक्सिंग फाइनल मुकाबले में शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया और कई अच्छे पंच लगाए. हालांकि, कनाडाई मुक्केबाज ने भी सटीक जवाबी हमला किया और जजों ने 3-2 के स्प्लिट फैसले से पहला राउंड अल-अहमदिएह के पक्ष में दिया.
CWG 2026 Live: उन्नति शर्मा ने जूडो में जीता ब्रॉन्ज
भारत की उन्नति शर्मा ने महिला 63 किग्रा जूडो स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है. ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर भारत को जूडो में एक और मेडल दिलाया. उन्नति ने यह जीत हासिल करने में सिर्फ 1 मिनट 7 सेकंड का समय लिया. भारत के अब कुल 32 मेडल हो चुके हैं, जिनमें 9 गोल्ड, 15 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज शामिल हैं.
CWG 2026 Live: साक्षी चौधरी ने जीता गोल्ड
साक्षी चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 51 किग्रा बॉक्सिंग का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. फाइनल में उन्होंने मेजबान इंग्लैंड की 19 वर्षीय रूबी व्हाइट को मात देकर भारत के लिए एक और गोल्ड जीता. मुकाबले के तीसरे और अंतिम राउंड में रूबी व्हाइट ने लगातार आक्रामक होने की कोशिश की, लेकिन साक्षी ने शानदार संयम दिखाया. उन्होंने सही समय पर सटीक काउंटर पंच लगाए और पूरे मुकाबले में अपनी बेहतरीन फुटवर्क व मूवमेंट से इंग्लैंड की मुक्केबाज को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. साक्षी चौधरी की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए पूर्व विश्व चैंपियन निखत जरीन जैसी दिग्गज बॉक्सर को ट्रायल में हराया था.
CWG 2026 Live: दूसरे राउंड में भी साक्षी चौधरी का दबदबा
साक्षी चौधरी ने दूसरे राउंड में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त मजबूत कर ली. इंग्लैंड की रूबी व्हाइट के खिलाफ साक्षी ने अपनी रणनीति पर पूरी तरह कामयाब रही और राउंड 4-1 के स्प्लिट फैसले से अपने नाम किया. अब साक्षी चौधरी दो राउंड जीत चुकी हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ एक राउंड दूर हैं.
CWG 2026 Live: साक्षी चौधरी ने जीता पहले राउंड
साक्षी चौधरी ने फाइनल में शानदार शुरुआत करते हुए पहला राउंड अपने नाम कर लिया. मुकाबले की शुरुआत में रूबी व्हाइट ने आक्रामक अंदाज दिखाया, लेकिन पहला सटीक पंच साक्षी ने लगाया. इसके बाद दोनों मुक्केबाजों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. व्हाइट ने कुछ अच्छे पंच लगाए, वहीं साक्षी ने अपनी लंबी रीच का फायदा उठाते हुए दूरी बनाए रखी और मौके मिलते ही सटीक जवाब दिया. तीन मिनट के रोमांचक पहले राउंड के बाद पांचों जजों ने 10-9 के अंतर से साक्षी चौधरी के पक्ष में फैसला सुनाया.
CWG 2026 Live: साक्षी चौधरी का गोल्ड मेडल मैच शुरू
भारत की युवा मुक्केबाज साक्षी चौधरी गोल्ड मेडल जीतने से सिर्फ एक जीत दूर हैं. महिला 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में उनका सामना मेजबान इंग्लैंड की रूबी व्हाइट से शुरू हो चुका है. अगर साक्षी जीतने में कामयाब रहीं तो यह भारत का बॉक्सिंग में तीसरा गोल्ड मेडल होगा. प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया आज दिन के मुकाबलों में भारत को गोल्ड जिता चुकी हैं.
CWG 2026 Live: उन्नति शर्मा सेमीफाइनल में हारीं, अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए लड़ेंगी
भारत की उन्नति शर्मा को महिला 63 किग्रा जूडो स्पर्धा के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, उनके पास अभी भी कांस्य पदक जीतने का मौका है. उन्नति ने मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही मिनट में युको हासिल कर बढ़त बनाई. लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की साया मिडलटन ने जोरदार वापसी की. उन्नति शर्मा अब शाम के सत्र में कांस्य पदक के मुकाबले में उतरेंगी, जहां उनकी नजर भारत के लिए एक और मेडल जीतने पर होगी.
CWG 2026 Live: सोमन राणा ने शॉट पुट में जीता गोल्ड, भारत का डबल पोडियम
पैरा एथलेटिक्स पुरुष शॉट पुट F57 स्पर्धा में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक अपने नाम किए. सोमन राणा ने 13.40 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने अपने पहले प्रयास में 13.38 मीटर का थ्रो कर बढ़त बनाई और दूसरे प्रयास में इसे सुधारकर 13.40 मीटर तक पहुंचा दिया. वहीं, भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक अपने नाम किया.
CWG 2026 Live: जदुमणि को सिल्वर से संतोष करना पड़ा
पुरुष 55 किग्रा बॉक्सिंग फाइनल में भारत के जदुमणि सिंह को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. फाइनल में उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के जे डिक्सन से था. आखिरी राउंड में जदुमणि ने गोल्ड की उम्मीद बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी और लगातार आक्रामक पंच लगाए. मुकाबले के आखिरी पलों में दोनों मुक्केबाजों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली. जदुमणि ने शानदार पंचों की झड़ी लगाकर वापसी की कोशिश की, लेकिन उनके कई पंच सटीक निशाने पर नहीं लग सके. आखिर में जजों ने सर्वसम्मति से जे डिक्सन को विजेता घोषित किया. भारत की झोली में आया इस संस्करण का यह 28वां पदक है. बॉक्सिंग में तीसरा पदक है.
CWG 2026 Live: ट्रिपल जंप में भारत का डबल धमाका, प्रवीण सेल्वा ने जीते मेडल
पुरुष ट्रिपल जंप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डबल पोडियम फिनिश हासिल की. प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ रजत पदक जीता, जबकि सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया. शुरुआत में दोनों भारतीय खिलाड़ियों की लय अच्छी नहीं रही. प्रवीण को 16.58 मीटर तक पहुंचने के लिए चार प्रयास करने पड़े, जिसके बाद वह पदक की दौड़ में शामिल हुए. वहीं, सेल्वा ने अपने पांचवें प्रयास में 16.52 मीटर की छलांग लगाई और तीसरे स्थान पर पहुंच गए. उनका यही प्रयास भारत को डबल पोडियम दिलाने के लिए काफी साबित हुआ. यह कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार दूसरी बार है, जब भारत ने पुरुष ट्रिपल जंप में दो पदक जीते हैं.

