राजधानी के विभिन्न इलाकों में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। छापेमारी में कटिया लगाकर लोग एसी-कूलर चलाते हुए पकड़े गए। विभाग ने 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
यूपी की लखनऊ में लेसा और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को राजधानी के विभिन्न इलाकों में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान अमौसी, गोमतीनगर, चौक और तालकटोरा में धड़ल्ले से कटिया लगाकर लोग एसी-कूलर चलाते हुए पकड़े गए। जांच में कुल 31.89 किलोवाट की अवैध बिजली खपत उजागर हुई। विभाग ने 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
तड़के शुरू हुई छापेमारी के दौरान क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा। अचानक पहुंची टीमों को देखकर कई लोग मीटर से बाईपास तार और कटिया हटाते नजर आए। हालांकि, सतर्कता दल और पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी भी प्रकार का विरोध सफल नहीं हो सका। अमौसी क्षेत्र के भदोईया और जिंदौर रहिमाबाद में सघन चेकिंग के दौरान 08 उपभोक्ताओं उमेश सिंह, जाकिर अली, गनी, साबिर अली, नावेद, अजयवीर सिंह, गुरुबीर सिंह और नफीसा को 3-3 किलोवाट के लोड पर चोरी करते पाया गया।
वहीं, गोमती नगर के सहज आवास सेक्टर-4 निवासी जुबेर पर 2.79 किलोवाट और बबिता सिंह पर कटिया मारने के आरोप में 2.75 किलोवाट की एफआईआर दर्ज हुई, जबकि लौलाई (चिनहट) निवासी सुनील को 2.41 किलोवाट की अवैध खपत पर नामजद किया गया। वहीं लखनऊ मध्य क्षेत्र में 07 लोगों पर कार्रवाई की गई। इनमें 05 किलोवाट लोड के साथ नसीर अली, 03 किलोवाट पर मो. अर्थर, 2.34 किलोवाट पर एजाज हुसैन, 2.20 किलोवाट पर डायरेक्ट कटिया लगाने वाले राजू तथा 2-2 किलोवाट के लोड पर नदीम, जल्लालुनिशा और जीमल अहमद के नाम शामिल हैं।
बारिश और तेज हवाओं में उड़ी राजधानी बिजली
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सुबह तेज बारिश व हवाओं के कारण कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने, खंभे क्षतिग्रस्त होने, ब्रेकडाउन और लोकल फॉल्ट के कारण आशियाना, पारा, दारूलशफा से लेकर ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल रही। सुबह से शुरू हुआ बिजली कटौती का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरोसा उपकेंद्र के अंतर्गत समदा कालिया खेड़ा मार्ग पर बीती रात तेज हवाओं के कारण बिजली के तीन खंभे धाराशायी हो गए। इससे इलाके की बिजली आपूर्ति लगातार पांच घंटे तक पूरी तरह ठप रही। वहीं बसंतकुंज उपकेंद्र की 33 केवी मेन सप्लाई लाइन में ब्रेकडाउन आ गया। इससे बुद्धेश्वर, मुनेश्वरपुरम, प्रभातपुरम, पिंक सिटी सहित कई इलाकों में बिजली गुल रही। वीआईपी इलाके दारूलशफा उपकेंद्र की 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से हजरतगंज और उसके आसपास के प्रमुख वाणिज्यिक व आवासीय क्षेत्रों में घंटों अंधेरा छाया रहा। आशियाना क्षेत्र के उपभोक्ता भी दिनभर बिजली सप्लाई ठप रहने से त्रस्त रहे। इसके अलावा अलीगंज के सेक्टर-एल, एच, ई व आई तथा फैजुल्लागंज के गायत्री नगर, श्याम विहार और केशव नगर में दिनभर बिजली की ट्रिपिंग व आवाजाही बनी रही।

