Last Updated:
Sunil Pal On Amitabh Bachchan: कॉमेडियन सुनील पाल ने केबीसी के सेट पर स्टैंड अप कॉमेडियन गौरव कपूर और गौरव गुप्ता की एंट्री पर कड़ा ऐतराज जताया है . उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके अमिताभ बच्चन और केबीसी के मेकर्स पर तीखा हमला बोला है . जानिए क्यों सुनील पाल ने कहा कि 15वां सवाल अब दुनिया बिग बी से पूछेगी .
नई दिल्ली: कभी अपनी कॉमेडी को लेकर चर्चा में रहने वाले सुनील पाल आजकल अपने टैलेंट नहीं, बल्कि बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं . कॉमेडियन सुनील पाल अब एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. अब उन्होंने सीधे टीवी के सबसे बड़े क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और उसके होस्ट अमिताभ बच्चन पर सवाल खड़े कर दिए हैं . दरअसल KBC के सेट से स्टैंड अप कॉमेडियन गौरव कपूर और गौरव गुप्ता का एक वीडियो सामने आया था, जिससे पता चला कि ये दोनों शो में बतौर गेस्ट शामिल होने वाले हैं .
इस वीडियो को देखते ही सुनील पाल भड़क गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर केबीसी के मेकर्स और अमिताभ बच्चन को लेकर ऐसी बातें कह डाली.
KBC वालों से सुनील पाल ने पूछा तीखा सवाल
सुनील पाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी नाराजगी जताई . उन्होंने कहा कि वे केबीसी के मेकर्स से लंबे समय से कह रहे हैं कि शो में गाली-गलौज करने वाले लोगों को मत बुलाया करो . उन्होंने कहा कि ये लोग आपके प्रोग्राम में क्यों आते हैं . सुनील ने बिना किसी का नाम लिए इन यूट्यूबर्स और कॉमेडियन्स की भाषा पर ऐतराज जताया और मेकर्स को नसीहत दे डाली .
अमिताभ बच्चन से सुनील पाल ने पूछा सवाल
इसके बाद सुनील पाल ने सीधे बिग बी यानी अमिताभ बच्चन को निशाने पर लिया . उन्होंने कहा कि बच्चन साहब, आपका शो बच्चे और बूढ़े-बुजुर्ग सभी देखते हैं . आपको उन बच्चों के बारे में सोचना चाहिए जो इस शो को देखते हैं . सुनील ने तंज कसते हुए कहा कि आप केबीसी में 14 सवाल पूछते हो, लेकिन 15वां सवाल अब पूरी दुनिया आपसे पूछेगी कि क्या आप इतने बड़े आर्टिस्ट होकर अब ऐसे लोगों के भरोसे अपना शो चलाएंगे .
समय रैना के वक्त भी उठाया था मुद्दा
ये पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने केबीसी और स्टैंड अप कॉमेडियन्स पर निशाना साधा हो . इससे पहले जब स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना केबीसी के सेट पर आए थे, तब भी सुनील ने गाली-गलौज करने वाले कॉमेडियन्स को फैमिली शोज में बुलाने पर सवाल उठाए थे . सुनील का साफ कहना है कि वे किसी आर्टिस्ट के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि शोज में इस्तेमाल होने वाली अभद्र भाषा के सख्त खिलाफ हैं .

