@जे0 के0…..

Sonbhadra। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मंगलवार को पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन सोनभद्र में किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया है।

साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा देने की घोषणा की गई है। कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता बढ़ेगी।

सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि मानदेय वृद्धि और स्वास्थ्य सुविधाओं से आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कार्यकत्रियों से बच्चों की बेहतर देखभाल करने तथा उन्हें पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं का समय से लाभ दिलाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में नव नियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और लाभार्थियों को बेबी किट वितरित की गई। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए उनकी माताओं को सहजन के पौधे भी दिए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।
