संवाददाता@मिथिलेश जायवसाल…..
— शिक्षकों की मेहनत को मिला सम्मान

जिला कार्ययोजना प्रगति निगरानी (डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान) डैशबोर्ड की अप्रैल से अगस्त 2026 तक की रिपोर्ट में कोन विकासखंड ने लगातार चौथे महीने भी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है। अगस्त माह में कोन ब्लॉक ने 77.58 अंक अर्जित कर शीर्ष रैंक बरकरार रखी।
इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार ने कहा कि यह सफलता कोन ब्लॉक के सभी शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, संकुल शिक्षकों, एआरपी तथा शिक्षा विभाग के समस्त कार्मिकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया, जिसके कारण कोन ब्लॉक लगातार चार माह से जिले में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। उन्होंने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने भी कोन ब्लॉक की इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दुरूह भौगोलिक परिस्थितियों और अपेक्षाकृत कम संसाधनों के बावजूद लगातार नंबर-1 बने रहना कोन ब्लॉक की कार्यकुशलता, अनुशासन और टीम भावना का प्रमाण है। उन्होंने आशा जताई कि यह उपलब्धि अन्य विकासखंडों के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होगी तथा सभी ब्लॉक गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक कार्यों के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान डैशबोर्ड के अनुसार, कोन ब्लॉक ने अप्रैल, मई, जुलाई और अगस्त माह में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन का नया मानक स्थापित किया है। शिक्षा विभाग ने इसे सामूहिक प्रयास, प्रभावी नेतृत्व और विद्यालय स्तर पर सतत गुणवत्ता सुधार का परिणाम बताया है।