नई दिल्ली. साल 2002 में एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘कांटे’ रिलीज हुई थी. इस मूवी में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी और महेश मांजरेकर जैसे सितारे अहम किरदारों में थे. अब डायरेक्टर संजय गुप्ता ने अपनी इस फिल्म को लेकर मजेदार किस्सा बताया है. लेखक और पत्रकार हुसैन जैदी से बातचीत के दौरान संजय गुप्ता ने खुलासा किया कि ओरिजिनल स्क्रिप्ट में गाली-गलौज लिखी गई थी, लेकिन अमिताभ बच्चन ने साफ कर दिया था कि उनका किरदार ऐसी भाषा नहीं बोलेगा और न ही कोई उन्हें अपशब्द कहेगा.
डायरेक्टर संजय गुप्ता ने बताया कि उन्होंने बिग बी की इस शर्त को तुरंत मान लिया था लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि इससे बाकी किरदारों के आपस में गाली देने पर उन्हें कोई दिक्कत नहीं है. निर्देशक ने यह भी बताया कि सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया के दौरान बाद में कुछ आपत्तिजनक शब्दों और डायलॉग्स में बदलाव भी किए गए थे.
अमिताभ बच्चन ने रखी थी ऐसी शर्त
संजय गुप्ता ने बताया, ‘स्क्रिप्ट में गालियां लिखी जरूर गई थीं, लेकिन हमने उनका इस्तेमाल नहीं किया. अमित जी ने साफ कह दिया था कि मुझे कोई गाली नहीं देगा. इस पर मैंने कहा कि ठीक है सर, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि बाकी किरदार आपस में एक-दूसरे को गालियां नहीं देंगे.’ आगे चलकर सेंसर बोर्ड की स्क्रीनिंग के वक्त भी हमने उन हिस्सों में कुछ फेरबदल किए थे.’
संजय गुप्ता ने बताया था किस्सा
इससे पहले स्क्रीन को दिए एक इंटरव्यू में संजय गुप्ता ने उस वाकये को याद करते हुए बताया था कि कैसे बिग बी शूटिंग के दौरान उन्हें एक तरफ ले गए और साफ शब्दों में कह दिया कि वह पर्दे पर किसी भी तरह की अभद्र भाषा या गालियों का इस्तेमाल नहीं करेंगे. निर्देशक ने भी बिना किसी हिचकिचाहट के उनकी इस बात को तुरंत स्वीकार कर लिया था.
मैं ऑनस्क्रीन गाली नहीं दूंगा
संजय गुप्ता के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने उनसे कहा था, ‘संजय, मैं ऑनस्क्रीन गाली-गलौज नहीं करूंगा. यह एक ऐसी चीज है जो मैंने अपने पूरे करियर में कभी नहीं की, इसलिए मैं अब भी ऐसा नहीं करने वाला हूं. हा, अगर स्क्रिप्ट की मांग के हिसाब से कोई दूसरा किरदार गाली दे रहा है, तो उससे मुझे कोई आपत्ति नहीं है.’
साल 2002 में रिलीज हुई थी मूवी
बताते चलें कि 20 दिसंबर 2002 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘कांटे’ में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, लकी अली, महेश मांजरेकर और कुमार गौरव जैसे दिग्गज कलाकारों की टोली एक साथ नजर आई थी. फिल्म की कहानी ऐसे 6 भारतीय अपराधियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लॉस एंजिल्स में एक बैंक डकैती को अंजाम देने के लिए हाथ मिलाते हैं. बेहतरीन एक्शन, जबरदस्त डायलॉग्स, कल्ट म्यूजिक की वजह से यह फिल्म आज भी सिनेमा प्रेमियों के बीच पॉपुलर है.

