Last Updated:
Roger Federer Hall of Fame: रोजर फेडरर को इंटरनेशनल टेनिस ‘हॉल ऑफ फेम’ में 272वें सदस्य के रूप में शामिल किया गया. इस ऐतिहासिक मौके पर 20 ग्रैंड स्लैम खिताब विजेता ‘स्विस मैस्ट्रो’ अपने 30 मिनट के भाषण के दौरान बेहद भावुक हो गए. अपनी पत्नी मिर्का, बचपन के आदर्श स्टीफन एडबर्ग और पूर्व कोच सेवेरिन लुथी का जिक्र करते हुए उनके आंसू छलक पड़े.
रोजर फेडरर हॉल ऑफ फेम में शामिल हो गए हैं.
न्यूपोर्ट (अमेरिका). महान टेनिस खिलाड़ी और 20 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता रोजर फेडरर को इंटरनेशनल टेनिस ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया है. इस सम्मान को प्राप्त करते हुए ‘स्विस मैस्ट्रो’ अपने करीब 30 मिनट के भाषण के दौरान कई बार बेहद भावुक हो गए. अपनी पत्नी मिर्का के परिचय भाषण के बाद मंच पर पहुंचे फेडरर अपने बचपन के आदर्शों और कोच को याद करते हुए आंसू नहीं रोक पाए. लगातार 237 हफ्तों तक दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी रहे फेडरर इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले 272वें सदस्य बने हैं. उनके साथ पूर्व खिलाड़ी और प्रसारक मैरी कैरिलो को भी इस सम्मान से नवाजा गया.
रोजर फेडरर (Roger Federer) की आंखों से जब झर झर आंसू बह रहे थे तब उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि उन्हें इस समय रूमाल और धूप के चश्मे की जरूरत है, लेकिन आंसुओं को रोकना उनके लिए मुश्किल हो रहा था. पैंतालिस वर्षीय फेडरर ने मंच पर आते ही कहा, ‘यह बहुत ऊंचे स्तर का है और इसके बाद बोलना आसान नहीं होगा.’ इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में पत्नी मिर्का से कहा, ‘पता नहीं, आपने चुपके से इसकी तैयारी तो नहीं की थी?’

