संवाददाता@संजय सिंह….
— 1 क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम डोडा बरामद, आर्टिका कार में सीट के नीचे बनाया था गुप्त स्थान, कुल 30 लाख रुपए कीमत आंकी गई

सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय डोडा तस्करी के कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

दुद्धी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त आर्टिका कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे रजखड़ घाटी, दुद्धी में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि विंढमगंज की ओर से सफेद रंग की आर्टिका कार संख्या UP16-GT4953 में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।

पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार भगाने की कोशिश की। पीछा करने के बाद पुलिस ने रजखड़ घाटी में वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट निकालकर बनाए गए गुप्त स्थान में नौ प्लास्टिक की बोरियां मिलीं, जिनमें डोडा भरा हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप साहू और राहुल मौर्या, दोनों निवासी जनपद बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने झारखंड के डाल्टेनगंज क्षेत्र से डोडा लेकर बरेली जाने की बात बताई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में मु0अ0सं0 250/2026, धारा 8/18/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
