Last Updated:
अमीन हाजी को आप फिल्म ‘लगान’ में ‘बाघा’ का किरदार निभाने की वजह से याद करते हैं. हालांकि, वे कई फिल्मों में काम कर चुके हैं. उन्होंने फिल्म भी डायरेक्ट की है. मगर ‘लगान’ के बाद वे अचानक स्क्रीन से गायब कैसे हो गए? दरअसल, ‘लगान’ की सफलता के बाद उन्हें जो भी रोल ऑफर हुए, वे या तो साइलेंट थे या स्क्रिप्ट के मामले में बेहद कमजोर थे. वे एक के बाद एक रोल रिजेक्ट करते गए, जिससे उनकी पत्नी भी उनसे नाराज हो गईं.
अमीन हाजी ने आशुतोष गोवारिकर के साथ काफी काम किया था. (फोटो साभार: YouTube/Videograb)
नई दिल्ली: जब कोई फिल्म हिट होती है, तो उसमें काम करने वाले सितारों के करियर को भी जंप मिलता है. मगर कुछ मामलों में इसका उलटा हुआ. एक्टर अमीन हाजी को भी ब्लॉकबस्टर फिल्म की वजह से काम ढूंढने में स्ट्रगल करना पड़ा था. दर्शक उन्हें फिल्म ‘लगान’ में बाघा का किरदार निभाने की वजह से जानते हैं, हालांकि उन्होंने ‘मंगल पांडे’, ‘माई फ्रेंड पिंटो’, ‘अनकही’ और ‘एक खिलाड़ी एक हसीना’ जैसी फिल्मों में भी काम किया था. एक्टर ने बताया कि कैसे साल 2001 की ब्लॉकबस्टर फिल्म की वजह से उन्हें दूसरे रोल को स्वीकार करना मुश्किल हो गया था. उन्हें लगता था कि जो स्क्रिप्ट्स उन्हें मिल रही थी, वे आशुतोष गोवारिकर की क्लासिक फिल्म में काम करने के अनुभव के मुकाबले कुछ भी नहीं थीं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमीन हाजी ने बताया कि उनकी पत्नी इस बात से नाराज थीं कि उन्होंने ‘लगान’ के बाद फिल्में साइन करना बंद कर दिया था. दरअसल, उन्हें जो रोल ऑफर किए जाते थे, वे या तो ‘साइलेंट किरदार’ होते थे या फिर कोई खास अहमियत न रखने वाले रोल. एक्टर और राइटर ने कहा कि स्क्रिप्ट्स उन्हें बिल्कुल भी आकर्षित नहीं कर पाती थीं. उनकी पत्नी ने उनसे कहा- ‘लगान’ के बाद जब भी कोई रोल आता, तो वह कहते- यह रोल बकवास है. इसलिए मैंने उनसे कहा- हम क्या करेंगे? तुम्हें काम करना होगा. तुम्हें कोई-न-कोई काम तो लेना ही होगा.’
‘लगान’ के बाद ऑफर लगने लगे छोटे
अमीन हाजी ने आगे कहा, ‘सच कहूं तो ‘लगान’ एक अनोखी स्क्रिप्ट थी. यह जीवन में एक बार मिलने वाला मौका था. मैं खुशकिस्मत था कि मुझे ‘लगान’ मिली, लेकिन उसके बाद मुझे जो भी ऑफर मिले, वे इसके मुकाबले कुछ भी नहीं थे. इसलिए ‘लगान’ के बाद मेरा करियर खत्म हो गया, क्योंकि उसके बाद मैं काम ही नहीं कर पाया. असल में आप कह सकते हैं कि उन्होंने मुझे ‘लगान’ जैसी ‘ताजमहल’ जैसी फिल्म दी. उन्होंने मुझे ‘स्वदेश’ जैसी फिल्म लिखने का मौका दिया. उन्होंने मुझे आमिर खान जैसा दोस्त दिया. उसके बाद मैं और क्या कर सकता था?’
फिल्म ‘कोई जाने ना’ से डायरेक्शन में रखा कदम
आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी ‘लगान’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें आमिर खान, ग्रेसी सिंह ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं. इस फिल्म में अमीन हाजी ने ‘बाघा’ का किरदार निभाया था, जो एक मूक ड्रमर था. फिल्म ‘लगान’ को बड़ी सफलता मिली. इसे बहुत तारीफ मिली और यह ‘बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म’ के लिए एकेडमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वाली तीसरी भारतीय फिल्म बनी. अमीन हाजी ने ‘कोई जाने ना’ से डायरेक्टर के तौर पर फिल्ममेकिंग में कदम रखा. यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म थी जिसमें कुणाल कपूर और अमायरा दस्तूर ने काम किया था. हालांकि, ‘लगान’ के साथ उनका जुड़ाव उनके करियर की सबसे यादगार लम्हों में से एक बन गया. उन्होंने एक्टिंग के साथ-साथ स्क्रीनराइटर और असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया है. उन्होंने ‘स्वदेश’ और ‘जोधा अकबर’ जैसी फिल्मों में आशुतोष गोवारिकर के साथ काम किया.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
और पढ़ें

