@जे0 के0….

Sonbhadra। भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आज 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया गया। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार, सोनभद्र में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था। वे महान शिक्षक, दार्शनिक एवं शिक्षाविद थे। उनके शिक्षा के प्रति समर्पण और योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी जयंती को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

समारोह में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, जिला पंचायत सदस्य सजीव त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं सम्मानित शिक्षक उपस्थित रहे।

समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का सम्मान है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा और शिक्षक की महत्ता को सदैव सर्वाेच्च स्थान दिया। शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शिक्षक देश के भविष्य को आकार देने वाले वास्तविक राष्ट्रनिर्माता हैं। विद्यालय में शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षक का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले माध्यमिक विद्यालय के 24 शिक्षकगण व बेशिक शिक्षा विभाग के 44 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। अतिथियों ने सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।