@जे0 के0…..

Sonbhadra। मिर्जापुर अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौती देई स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। क्रेशर प्लांट का एक हिस्सा अचानक ढहने से मलबे में दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
बताया जा रहा है कि प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान हुए कंपन के कारण फाउंडेशन समेत मकान का एक हिस्सा अचानक धंस गया। हादसे के समय वहां कई मजदूर मौजूद थे। मलबा गिरने से मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए।

रेस्क्यू टीम ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। शुरुआती जानकारी में चार से पांच मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई गई थी। राहत कार्य के दौरान चार मजदूरों के शव बरामद होने की सूचना है। मृतकों की पहचान सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा गांव निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में बताई गई है।

हादसे की सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया। पुलिस प्रशासन की टीम हादसे के कारणों और प्लांट में सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।
