Last Updated:
खेल जगत में एथलीटों और मीडिया के बीच तीखी नोकझोंक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खिलाड़ियों के भड़कने की कई घटनाएं इतिहास में दर्ज हैं. हाल ही में टेनिस खिलाड़ी आर्याना सबालेंका से जुड़ा एक नया मामला सुर्खियों में है. सिर्फ इतना ही नहीं, भारतीय महिला एथलीटों के साथ भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जब कपड़ों और पर्सनल लाइफ से जुड़े भद्दे सवालों पर वे गुस्सा हो गईं.
यूएस ओपन की डिफेंडिंग चैंपियन आर्याना सबालेंका अपने तीसरे दौर के मैच में जीत के साथ-साथ कुछ अन्य वजहों से भी चर्चा में हैं. तीसरे दौर के मैच से पहले सबालेंका जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईं तो वह एक सवाल को सुनकर भड़क गई थीं. ऐसा पहली बार नहीं है जब कोई महिला एथलीट पत्रकारों के सवालों से झलाई हो. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ चर्चित घटनाओं के बारे में.
पत्रकारों के सवाल पर गुस्सा होने का ताजा मामला टेनिस प्लेयर आर्याना सबालेंका से जुड़ा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबालेंका से एक रिपोर्टर ने पूछा कि वह टूर्नामेंट से पहले काफी पार्टी और मस्ती कर रही थीं. इस पर वह गुस्सा हो गईं. उन्होंने बीच में ही टोकते हुए कहा, “आप मजाक कर रहे हैं क्या? पार्टी, मस्ती… ऐसा क्यों कह रहे हैं? यह कैसा सवाल है? सिर्फ इसलिए कि मैंने ब्रांड्स के साथ कुछ एक्टिविटीज पोस्ट कर दीं, आपको लगता है कि मैं ट्रेनिंग करने के बजाय पार्टी कर रही थी?”
हाल ही में भारत की ओलंपिक मेडलिस्ट शूटर मनु भाकर के साथ भी कुछ ऐसा हुआ, जब पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक सवाल पर वह गुस्सा हो गईं. रिपोर्टर ने शूटिंग की बात करने के बजाय मनु भाकर से क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल पूछ लिया, जबकि मनु भाकर एक शूटिंग इवेंट में पहुंची थीं. हालांकि मनु भाकर ने संयम के साथ जवाब दिया, लेकिन इस घटना पर खेल प्रेमियों और दिग्गजों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भारतीय मीडिया ओलंपिक और अन्य खेलों के शीर्ष खिलाड़ियों की उपेक्षा करके हर मंच पर क्रिकेट को ले आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
ऐसा ही एक मामला भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट के साथ हुआ था. साल 2023 में जंतर-मंतर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर महिला पहलवान विनेश और साक्षी मलिक मीडिया के सवालों पर भड़क गई थीं. मीडियाकर्मियों ने उनसे उनके मेडल, राजनीति और विरोध प्रदर्शन के तौर-तरीकों को लेकर तीखे सवाल किए. विनेश और साक्षी ने इन सवालों के बाद मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाया था.
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपना गुस्सा जता चुकी हैं. सिंधु जब अपने खराब फॉर्म से गुजर रही थीं, तब पत्रकारों ने उनके संन्यास, फॉर्म या कोचिंग स्टाफ बदलने को लेकर सीधे और दबाव बनाने वाले सवाल किए. इस पर सिंधु ने अपनी नाराजगी जताई और कहा कि एक खिलाड़ी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं. मीडिया को नेगेटिविटी पर ध्यान देने के बजाय खिलाड़ी की कड़ी मेहनत को समझना चाहिए.
दिग्गज महिला टेनिस प्लेयर सेरेना विलियम्स भी मीडिया के सवालों पर कई बार खुलकर अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी हैं. खास तौर पर मैच हारने के बाद जब उनसे जेंडर बायस, उनके पहनावे या संन्यास को लेकर अपमानजनक या उकसाने वाले सवाल किए गए, तो उन्होंने पत्रकारों को मौके पर ही करारा जवाब दिया. यहां तक कि सेरेना ने कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस को बीच में ही छोड़ दिया.
भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा भी मीडिया के पूछे गए कुछ सवालों पर अपना आपा खो चुकी हैं. खास तौर पर जब सानिया मां बनीं, तो उनसे यह पूछा गया कि क्या अब वह टेनिस से संन्यास ले लेंगी. सानिया ने इस तरह के सवालों को आड़े हाथों लिया और दो टूक जवाब देते हुए कहा कि एक महिला एथलीट होने के नाते उनसे हमेशा इस तरह के दोहरे मापदंड वाले सवाल क्यों पूछे जाते हैं, जबकि पुरुष खिलाड़ियों से उनके परिवार या संन्यास को लेकर ऐसी बातें नहीं की जातीं. साल 2005 में भी कोच्चि में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भद्दे सवाल सुनकर सानिया वहां से उठकर चली गई थीं.
जापान की स्टार टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने एक बार बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस को छोड़ दिया था. यह घटना सिनसिनाटी ओपन की है. ओसाका वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईं थीं. इस दौरान उनसे पूछा गया कि वह मीडिया से बात करने से कतराती हैं, जबकि वह अपने कमर्शियल और अपने फायदे के लिए मीडिया प्लेटफॉर्म का पूरा इस्तेमाल करती हैं. यह सुनकर ओसाका भावुक हो गई थीं.

