@जे0 के0……

Sonbhadra। राबर्ट्सगंज नगर स्थित जीवनदीप निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 27 वर्षीय प्रसूता की मौत से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप में कार्रवाई और न्याय की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि करमा थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी रविता (27) पत्नी जय सिंह को प्रसव के लिए दो सितंबर को जीवनदीप अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार तीन सितंबर की शाम करीब पांच बजे बच्चे के जन्म के बाद अचानक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई।

परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और तोड़फोड़ की। उनका कहना था कि प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं जन्म के बाद बच्चे की तबीयत भी खराब होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों के मुताबिक बच्चे को अब किसी दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया जाएगा।

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर राजी हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रसूता की मौत का वास्तविक कारण क्या रहा और उपचार के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
