नई दिल्ली. नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा खेल दिखाया है, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी. रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की कमाई बेहद धीमी रही लेकिन तीसरे और खासकर चौथे हफ्ते में अचानक दर्शकों की संख्या बढ़ी और फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ ली.
7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म 3 सितंबर को 28 दिन यानी पूरे चार हफ्ते सिनेमाघरों में पूरे कर चुकी है. फिल्म का भारत में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब ₹62.64 करोड़ पहुंच चुका है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है-क्या ‘हनुमान अंश’ 100 करोड़, 150 करोड़ और फिर 200 करोड़ के क्लब तक पहुंच पाएगी? इसका जवाब फिल्म की मौजूदा रफ्तार में छिपा है.
28 दिन में कितनी कमाई हुई?
– फिल्म ने पहले हफ्ते में करीब ₹1.08 करोड़ नेट कमाए.
– दूसरे हफ्ते में कमाई और भी कम रही और यह करीब ₹0.40 करोड़ रही.
– तीसरे हफ्ते में फिल्म ने अचानक रफ्तार पकड़ी और करीब ₹10.40 करोड़ का कलेक्शन किया. लेकिन असली कहानी चौथे हफ्ते में शुरू हुई.
– चौथे हफ्ते में शुरुआती छह दिनों में ही फिल्म ने करीब ₹50 करोड़ की कमाई कर ली. बॉक्स ऑफिस में 22वें से 27वें दिन के बीच फिल्म ने 50 करोड़ रुपये से ज्यादा जोड़े हैं. यानी जिस फिल्म ने पहले दो हफ्तों में सिर्फ करीब डेढ़ करोड़ रुपये कमाए थे, उसने चौथे हफ्ते में ही कई गुना ज्यादा कारोबार कर दिया.
अब फिल्म कितने सिनेमाघरों में चल रही है?
3 सितंबर के एक लाइव बॉक्स ऑफिस ट्रैकर के मुताबिक फिल्म करीब 1,136 स्क्रीन पर चल रही थी और उसके लिए 7,166 शो निर्धारित थे. वहीं फिल्म की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त शो भी जोड़े जा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 27वें दिन तक फिल्म ने करीब ₹72 करोड़ की कुल कमाई की थी और मांग को देखते हुए 6000 अतिरिक्त शो जोड़े गए थे. यानी चौथे हफ्ते में पहुंचने के बावजूद फिल्म के शो कम होने के बजाय बढ़ रहे हैं.
अब 100 करोड़ तक पहुंचने के लिए कितनी कमाई चाहिए?
– अभी फिल्म का कलेक्शन करीब ₹62.64 करोड़ है. 100 करोड़ तक पहुंचने के लिए फिल्म को अब चाहिए…
– ₹100 करोड़ – ₹62.64 करोड़ = ₹37.36 करोड़
अब यहां दो तरह से गणित समझना जरूरी है. अगर फिल्म अपनी चौथे हफ्ते वाली रफ्तार बनाए रखती है तो 22वें से 27वें दिन तक फिल्म ने करीब ₹50 करोड़ कमाए यानी लगभग ₹8.3 करोड़ प्रतिदिन की औसत रफ्तार. अगर किसी तरह यह असाधारण रफ्तार बनी रहती है तो…
– ₹37.36 करोड़ ÷ ₹8.3 करोड़ = करीब 4.5 दिन यानी गणित के हिसाब से फिल्म लगभग 5 दिन में 100 करोड़ नेट तक पहुंच सकती है. लेकिन यह सबसे आशावादी अनुमान है. लगातार कई दिनों तक चौथे हफ्ते जैसी रफ्तार बनाए रखना बेहद मुश्किल होता है.
150 करोड़ के लिए कितना समय?
– ₹150 करोड़ – ₹62.64 करोड़ = ₹87.36 करोड़
अगर वही करीब ₹8.3 करोड़ प्रतिदिन की रफ्तार बनी रहती है तो ₹87.36 ÷ ₹8.3 = करीब 10.5 दिन यानी लगभग 11 दिन यानी 14 सितंबर तक. इस हिसाब से फिल्म रिलीज के करीब 39वें दिन तक 150 करोड़ के आंकड़े के आसपास पहुंच सकती है. लेकिन फिर वही बात- यह तभी संभव है जब फिल्म की मौजूदा असाधारण रफ्तार लगातार बनी रहे.
और 200 करोड़?
अब आते हैं सबसे बड़े सवाल पर. क्या हनुमान अंश 200 करोड़ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तक पहुंचेगी. तो जानें कैसे संभव है.
– ₹200 करोड़ – ₹62.64 करोड़ = ₹137.36 करोड़
अगर ₹8.3 करोड़ प्रतिदिन की रफ्तार लगातार जारी रही तो ₹137.36 ÷ ₹8.3 = करीब 16.5 दिन यानी करीब 17 दिन मलतब 20 सितंबर तक. इस गणित के हिसाब से फिल्म रिलीज के लगभग 45वें दिन 200 करोड़ तक पहुंच सकती है.
लेकिन क्या वास्तव में ऐसा होगा?
– फिल्म की कुल 28 दिन की औसत कमाई देखें तो करीब ₹62.64 करोड़ ÷ 28 दिन = ₹2.24 करोड़ प्रतिदिन. अगर पूरी फिल्म की अब तक की औसत रफ्तार आगे भी जारी रहती है तो 100 करोड़ तक पहुंचने में करीब 17 दिन (20 सितंबर तक) और लगेंगे.
– 150 करोड़ के लिए करीब 39 दिन और और 200 करोड़ के लिए करीब 61 दिन और लग सकते हैं.
यानी औसत रफ्तार के हिसाब से:
| लक्ष्य अभी तक नेट बाकी कमाई पूरी अवधि का औसत ₹2.24 करोड़/दिन अनुमानित समय |
| ₹100 करोड़ ₹62.64 करोड़ ₹37.36 करोड़ ₹2.24 करोड़/दिन करीब 17 दिन |
| ₹150 करोड़ ₹62.64 करोड़ ₹87.36 करोड़ ₹2.24 करोड़/दिन करीब 39 दिन |
| ₹200 करोड़ ₹62.64 करोड़ ₹137.36 करोड़ ₹2.24 करोड़/दिन करीब 61 दिन |
200 करोड़ के लिए असली चुनौती क्या है?
200 करोड़ तक पहुंचने के लिए सिर्फ दर्शकों का उत्साह काफी नहीं होगा. फिल्म को अगले कई हफ्तों तक सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन और शो मिलते रहने होंगे. इसके अलावा नई फिल्मों की रिलीज के साथ स्क्रीन शेयर कम हो सकते हैं. अभी सकारात्मक बात यह है कि फिल्म की मांग इतनी बनी हुई है कि शो बढ़ाए जा रहे हैं.

