@जे0 के0……

Sonbhadra। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कों और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। कोन थाना क्षेत्र के चकरिया चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंडारी में बुधवार रात कुत्ते के काटने से घायल एक बच्ची और एक बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को पनडुब्बी नाव का सहारा लेना पड़ा। जलभराव के कारण गांव तक वाहन नहीं पहुंच पा रहे थे, जिससे परिजनों के सामने मासूमों को समय पर उपचार दिलाने की चुनौती खड़ी हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार पिंडारी गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला रास्ता लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश के दिनों में सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। बुधवार रात कुत्ते के काटने के बाद बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाना जरूरी था, लेकिन जलमग्न और दलदली रास्ते के कारण कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से पनडुब्बी नाव की व्यवस्था की और दोनों बच्चों को पानी पार कराकर अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीण नंदकिशोर पासवान ने बताया कि सामान्य दिनों में भी जर्जर सड़क के कारण लोगों को परेशानी होती है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के लिए राबर्ट्सगंज और कोन बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि रात में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ जाए, किसी महिला को प्रसव पीड़ा हो या कोई गंभीर दुर्घटना हो जाए तो ऐसी स्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल कैसे पहुंचाया जाएगा। उनका कहना है कि सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज या मासूम को अस्पताल पहुंचाने के लिए नाव का सहारा न लेना पड़े।
