मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन..

मां शिव देवी पीजी कॉलेज शाहगंज में वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक लखनऊ के प्रबंधक ऋषभ सक्सेना ने छात्र-छात्राओं को वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ठग विभिन्न प्रकार के लालच देकर लोगों से व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर लेते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता संख्या, ओटीपी, एटीएम या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने और लालच में आकर पैसे भेजने से भी बचें।

सहायक प्रबंधक स्नेहील ने छात्रों को बचत के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। वहीं आरोह फाउंडेशन के स्टेट हेड शैलेंद्र सिंह, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर पवन कुमार सिंह, वित्तीय सलाहकार विनय सिंह, रोहित कुमार त्रिपाठी, उप वित्तीय सलाहकार नीरज कुमार पांडेय, शिवम सिंह और विनय कुमार चौबे ने विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय साक्षरता से संबंधित प्रतियोगिता भी कराई गई। सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ला ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ओमप्रकाश प्रजापति, इंद्रजीत राम पाठक, दशरथ तिवारी, नीलम पांडेय, संगीता, ओम प्रकाश पांडेय समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

