मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन….

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में गुरुवार दोपहर इंजेक्शन लगने के बाद दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, चुर्क वार्ड नंबर-1 निवासी सुरेंद्र की दो वर्षीय पुत्री को बुधवार को तेज बुखार था। देर रात बुखार अधिक बढ़ने पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे वह बच्ची को लेकर धर्मशाला रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्ची का परीक्षण करने के बाद कई जांच कराईं। करीब दोपहर 12 बजे जांच रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लिखकर उसे लगाने के लिए कहा।

परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र ने मेडिकल से इंजेक्शन लेकर अस्पताल की नर्स को दिया। इंजेक्शन लगाते ही बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और उसकी तत्काल मौत हो गई। सूचना पर अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। करीब तीन बजे परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार और महिला थाना प्रभारी सविता सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने तहरीर देकर अस्पताल बंद कराने और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
