संवाददाता@मिथिलेश जायसवाल…..

बारिश शुरू होते ही कोन ब्लॉक के चेरवाडीह गांव की जर्जर सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग पूरी न होने पर नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
प्रदर्शन में संजय जायसवाल, आनंद जायसवाल, अजित जायसवाल, प्रद्युम्न कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2014 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन कुछ ही वर्षों में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

यह सड़क चेरवाडीह को गिधिया, चिवटहियां, अजनिया,ढोड़ियाही, बहुरियाबथान और सदुआरी समेत कई गांवों से जोड़ती है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर समझ पाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल समेत कई माध्यमों से शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
