रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा….

क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पिपरी निवासी एक इंटरमीडिएट छात्र को परीक्षा दिलाने के लिए गढ़वा पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था में रोजाना जेल से परीक्षा केंद्र लाया जा रहा है। यह व्यवस्था पांच दिनों तक जारी रहेगी।
बुधवार को म्योरपुर स्थित कैमूर आदिवासी इंटरमीडिएट कॉलेज में इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान यह विशेष स्थिति देखने को मिली। छात्र को मंडलीय कारागार गढ़वा से पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा दिलाने लाया गया। जानकारी के अनुसार छात्र मूल रूप से पिपरी क्षेत्र का निवासी है और यहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था। किसी मामले में गिरफ्तारी के बाद वह झारखंड के गढ़वा जिले की जेल में बंद है।
वर्तमान में उसका मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है।
बुधवार को दूसरी पाली में हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान पुलिस टीम छात्र को कॉलेज परिसर लेकर पहुंची। परीक्षा के दौरान उसे बरामदे में बैठाकर पुलिस निगरानी में परीक्षा दिलाई गई। पुलिस टीम में एएसआई शशि कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा में संपन्न कराई गई।
बताया गया कि छात्र राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी का छात्र है तथा उसका परीक्षा केंद्र म्योरपुर निर्धारित किया गया है। परिजनों द्वारा न्यायालय में परीक्षा दिलाने की प्रार्थना किए जाने के बाद न्यायालय की अनुमति से उसे रोजाना जेल से परीक्षा दिलाने लाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार यह विशेष व्यवस्था छात्र के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि वह परीक्षा से वंचित न रह जाए। परीक्षा समाप्त होने के बाद पुलिस टीम उसे पुनः जेल वापस ले जा रही है।