@जेo केo/सोनभद्र…….

Sonbhadra । पुलिस लाइन चुर्क के सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा डायल-112 एवं यातायात पुलिस के कार्यों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, डायल-112 की त्वरित सेवा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करना तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना रहा।
बैठक के दौरान *डायल-112 के कार्यों की समीक्षा* करते हुए नियुक्त जनशक्ति का विवरण, रिस्पॉन्स टाइम, ब्रेक-डाउन की स्थिति, तीन वर्ष से अधिक अवधि से तैनात कर्मचारियों की समीक्षा, एक ही थाने/स्थल पर लंबे समय से तैनात कर्मियों का विवरण एवं डायल-112 से संबंधित निर्गत एफआईआर/कार्रवाई का बिंदुवार अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि डायल-112 की प्रत्येक कॉल पर त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त यातायात शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिनांक 01.01.2025 से 31.12.2025 एवं 01.01.2026 से 15.01.2026 तक किए गए चालानों, शमन शुल्क, सीज वाहनों की संख्या, यातायात शाखा में नियुक्त जनशक्ति की स्थिति, *i-RAD / e-DAR पर फीडिंग एवं ZFD से संबंधित प्रगति की समीक्षा* की गई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु रॉन्ग साइड, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट एवं नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात, डायल-112 प्रभारी, यातायात प्रभारी, पुलिस लाइन एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।