रेणुकूट/सोनभद्र (अमिताभ मिश्रा)…
__कैंडल मार्च निकाल हत्यारों को फांसी देने की उठी मांग

स्थानीय नगर मंगलवार को पूरी तरह भावुक माहौल में डूबा रहा, जब पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबलू सिंह की छठवीं पुण्यतिथि पर हजारों लोगों का सैलाब उनके आवास पर उमड़ पड़ा। सुबह से ही लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया और देर रात तक उनके चाहने वाले उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि देते रहे। पूरा इलाका ‘बबलू सिंह अमर रहें’ और ‘हत्यारों को फांसी दो’ जैसे नारों से गूंजता रहा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन, व्यापारी, छात्र, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों ने कहा कि बबलू सिंह का व्यक्तित्व सिर्फ एक जनप्रतिनिधि का नहीं बल्कि आम जनता के सच्चे हितैषी का था। उनके निधन ने नगर को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष बबलू सिंह की हत्या बिहार से बुलाए गए शूटरों द्वारा कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात ने पूरे जनपद को हिला कर रख दिया था। मामले में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सिंह और उनके भाइयों समेत कई लोग गिरफ्तार किए गए थे, लेकिन इतने वर्षों के बाद भी अदालत से फैसला नहीं आया है। लोगों में इस देरी को लेकर गहरा आक्रोश दिखाई दिया।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत उनके आवास से एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। यह जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस चौकी चौराहे तक पहुंचा। हजारों की भीड़ जब मोमबत्तियां जलाकर मार्च करती हुई निकली, तो नगर की गलियां गम और आक्रोश दोनों से एक साथ भर उठीं। पुलिस चौकी चौराहे पर जनसैलाब ने बबलू सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नारे लगाते हुए हत्यारों को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग की।
जुलूस में शामिल लोगों का कहना था कि यदि हत्यारों को कड़ी सजा नहीं मिली तो यह समाज में गलत संदेश जाएगा। कई वक्ताओं ने सरकार और न्यायालय से अपील की कि मामले का शीघ्र निस्तारण कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए, जिससे बबलू सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि मिल सके।
नगर का हर वर्ग इस कार्यक्रम में शामिल रहा और वातावरण में एक स्वर से यही मांग उठी कि “न्याय में देरी, न्याय से इनकार के समान है।” बबलू सिंह के समर्थकों ने ऐलान किया कि न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।