संवाददाता@विजय अग्रहरी….

उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार की अगुवाई में सोमवार को घोरावल नगर के तीन प्रमुख चीनी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की और व्यापारियों को निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक न रखने, स्टॉक बोर्ड लगाने तथा रेट सूची दुकान के सामने स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की सूचना मिलते ही नगर में किराना व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया। छापेमारी की सूचना पर कई छोटे-बड़े किराना व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे करीब दो घंटे तक नगर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

उप जिलाधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि नगर के तीन प्रमुख किराना व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। व्यापारियों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चीनी की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही स्टॉक रजिस्टर दुरुस्त रखने और दुकान के सामने रेट सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चीनी की बिक्री पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर गयापाल वर्मा, एमओ अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और आपूर्ति निरीक्षक अखिलेश तिवारी मौजूद रहे।