ऐप पर पढ़ें
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव से भारत का भविष्य तय होना है। वर्ष 2024 के चुनावों के बाद भाजपा जनता को वोट का अधिकार भी नहीं मिलने देगी। इसलिए कार्यकर्ताओं को अब प्रचार में जुट जाना है। जनता भाजपा को हराकर लोकतंत्र को बचाने के लिए तैयार है। हमें, पीडीए के माध्यम से भाजपा को परास्त करना है। अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा घोटाले और घपले हुए हैं। लोगों को फर्जी केसों में फंसाने और विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए ईडी, सीबीआई, इन्कमटैक्स का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा सरकार में कालाधन और बढ़ा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि कानून-व्यवस्था चौपट है। भाजपा सरकार में किसी की भी जान जा सकती है। कोई भी सुरक्षित नहीं है। नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने का वादा जुमला निकला। न प्रदेश में निवेश हुआ और नहीं कोई फैक्ट्री उद्योग लगा। नौकरी देने वाली भर्ती परीक्षा का भाजपा सरकार ने जानबूझकर पेपर लीक करा के नौजवानों को बर्बाद कर दिया है। भाजपा सरकार किसी को नौकरी नहीं देना चाहती है। विकासकार्य ठप्प है। समाजवादी सरकार में जो विकासकार्य हुआ था, उसी को अपना बताकर या नाम बदल कर सरकार अपनी वाहवाही लूट रही है। फूट डालो और राज करो अंग्रेजों वाली नीति के तहत भाजपा समाज में नफरत फैलाने और बांटने का काम कर रही है। भाजपा का एजेण्डा साम्प्रदायिकता फैलाना है। अब जनता सब जानने लगी है। भाजपा अपने एजेण्डा में कभी सफल नहीं होगी।