ऐप पर पढ़ें
Madhya Pradesh Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में जल्द मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश में अगले चार दिन तक मौसम खराब रहेगा। दक्षिण पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बदलाव नजर आने लगेगा। सूबे में 27 नवंबर तक मौसम खराब रहेगा। प्रदेश मौसम कार्यालय की ओर से सूबे के विभिन्न इलाकों में 26 से 27 नवंबर के दौरान बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज चमक के साथ कुछ इलाकों में ओले भी पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा गया है कि 25 नवंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। पूर्वी हवाओं के साथ यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत के इलाकों पर दस्तक देगा। इससे पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदल जाएगा। इसकी वजह से 27 से 28 नवंबर के दौरान पश्चिमी हिमालयी इलाकों और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की भी संभावना है। कुछ इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश होगी।
सूबे के मौसम में अभी से उलटफेर देखा जाने लगा है। मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश में गुरुवार रात को सबसे कम तापमान ग्वालियर जिले में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मध्य प्रदेश में 27 नवंबर तक मौसम खराब रहेगा। सूबे में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना है। इसके बाद गलन बढ़ने से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। स्थानीय मौसम कार्यालय के मुताबिक, 26 नवंबर को भोपाल, इंदौर, होशंगबाद और उज्जैन जबकि 27 नवंबर को रीवा, शहडोल और जबलपुर रीजन में बारिश होगी।
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh Weather News) में तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। सूबे के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार से आंशिक बादल नजर आ सकते हैं। सूबे के इंदौर, भोपाल समेत अन्य शहरों में शनिवार और रविवार को दो दिन हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है। खंडवा, खरगोन और बुरहानपुर समेत कुछ इलाकों में ओले पड़ने के आसार भी हैं। मौसम केंद्र भोपाल की ओर से पूरे हफ्ते के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया। इसके मुताबिक मध्य प्रदेश में 26 से 27 नवंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां चरम पर होंगी।