संवाददाता@ख्वाजा खान…..

बभनी विकासखंड की ग्राम पंचायत घघरी के सहगोंडा गांव में मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान एक ग्रामीण का कच्चा मकान और शेड भरभराकर गिर गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन शेड के अंदर रखी मशीन और गृहस्थी का अन्य जरूरी सामान मलबे में दबने से भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित देव बाबू पुत्र रामकिशन ने बताया कि रात में तेज बारिश के दौरान अचानक मकान और शेड की दीवार गिर गई। देखते ही देखते शेड में रखी मशीन समेत कई जरूरी सामान मलबे के नीचे दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
उन्होंने हरसंभव सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। प्रधान ने मौके से ही लेखपाल से संपर्क कर क्षति का आकलन कराने और जांच रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कराई।

मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य शिव कुमार, ग्रामीण उमंग गुप्ता समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बारिश से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।