मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..बारिश से बिगड़े हालात, पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी में जुटी नगर पालिका

जिले में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार को जिले में कुल 256 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि निचले इलाकों में घरों तक पानी पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नदी-नालों और बांधों के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज में 140 मिमी, दुद्धी में 42 मिमी, घोरावल में 53 मिमी और ओबरा में 21 मिमी बारिश हुई। जिले की औसत वर्षा 64 मिमी रही। इस वर्ष अगस्त में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई। अगस्त 2025 में जिले की औसत वर्षा 270 मिमी थी, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 438.5 मिमी पहुंच गई।

रॉबर्ट्सगंज नगर में बारिश ने सबसे ज्यादा परेशानी इमरती कॉलोनी के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बढ़ाई। यहां भारी जलभराव के चलते सड़क पर कई फीट पानी जमा हो गया। पानी वाहनों में घुसने से कुछ वाहन खराब हो गए। पैदल यात्रियों को डिवाइडर के ऊपर से आवागमन करना पड़ा।

स्थानीयों के अनुसार इमरती कॉलोनी के पीछे स्थित गांवों से आने वाला बारिश का पानी लोढ़ी क्षेत्र से होते हुए कॉलोनी के रास्ते हाईवे पर पहुंच जाता है। इससे हर वर्ष यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी ऐसी ही स्थिति बनी थी। इसके बाद निरीक्षण और सर्वे हुए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।

जलभराव की जानकारी मिलने पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी की निकासी के लिए पंपिंग सेट लगवाकर जलनिकासी का कार्य शुरू कराया।

ईओ ने बताया कि सुबह से छह इंची पाइप के जरिए इंजन से पानी निकाला जा रहा है। एक और इंजन मंगाया गया है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। नगर के अन्य जलभराव वाले स्थानों पर भी कर्मचारियों को भेजकर पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है।

हाईवे पर यातायात सुचारू रखने के लिए बारिश के बीच यातायात पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं न्यू कॉलोनी समेत नगर के कई वार्डों में भी जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। न्यू कॉलोनी में बाजार का पानी सड़कों पर आने के साथ कई घरों में भी पहुंच गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण वे जाम हो गई हैं।

लोगों ने नगर के प्रमुख जलभराव वाले स्थानों पर स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि हर वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्या से निजात मिल सके।
