मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जनपद में बीते 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

रॉबर्ट्सगंज नगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के समीप स्थित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक जाने वाला मार्ग भी बारिश के पानी से भर गया है।

यहां करीब एक फीट तक पानी भरा होने के कारण स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बगल की नाली का पानी भी बारिश के पानी के साथ सड़क पर बह रहा है और मार्ग का पानी स्वास्थ्य केंद्र के परिसर तक पहुंच गया है।

बारिश के मौसम में पहले से ही मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे छोटे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य मरीजों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीमारी का इलाज कराने आने वाले लोगों को यहां जलभराव और दूषित पानी के कारण नई बीमारी का खतरा भी झेलना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य केंद्र के बाहर मुख्य मार्ग पर मौजूद स्थानीयों के अनुसार, आरोग्य मंदिर तक जाने वाला रास्ता मुख्य सड़क की अपेक्षा काफी नीचे है। यही वजह है कि हल्की बारिश में भी यहां पानी भर जाता है और नाली का पानी भी बाहर नहीं निकल पाता। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या हर बारिश में गंभीर रूप ले लेती है।

मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और मार्ग की स्थायी समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि इलाज के लिए आने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर न गुजरना पड़े।
